नदी में बह गई होंडा सिटी, फिर कार के अंदर में फंसी मिली दोस्तों की लाशें
रजरप्पा थाना क्षेत्र के बयांग गांव के समीप बाढ़ में डूबे सेनेगड़ा पुल पार करने के दौरान एक होंडा सिटी कार भैरवी नदी में बह गई। इससे कार सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना मंगलवार की रात की है। बुधवार को दिन भर काफी मशक्कत के बाद कार के अंदर से दोनों युवकों की बॉडी बरामद की गई। रांची से घर लौट रहे थे दोनों दोस्त...
-मृतकों में गोमिया कटहारा निवासी मो. आमिर उर्फ ओसामा (24 वर्ष) पिता - हाजी जैनुल आबुद्दीन और कटहारा निवासी शुभम मिश्रा (23 वर्ष) पिता - दूधनाथ मिश्रा शामिल हैं।
- दोनों दोस्त मो. आमीर उर्फ ओसामा व शुभम मिश्रा होंडा सिटी कार में सवार होकर मंगलवार की रात रांची से कटहारा अपने घर गोला चारु रोड होकर लौट रहे थे।
- भैरवी नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। इसके बावजूद भी कार चला रहे लड़के ने कार पानी में घुसा दी। कार पुल पर उतरते ही तैरने लगी और बहते हुए सीधे नदी के अंदर समा गई।
-इसकी जानकारी तत्काल पीछे से आ रही एक अल्टो कार ने सिकिदिरी थाना को दी। बुधवार की सुबह पुलिस फोर्स पहुंची, लेकिन प्रशासनिक गोताखोर नहीं पहुंचने के कारण स्थानीय ग्रामीणों ने कार और युवकों की खोजबीन शुरु की।
दोनों युवक थे जिगरी दोस्त,प्रोग्राम में शामिल होने जा रहे थे घर
-आमीर के पिता हाजी जैनुलआबुद्दीन ने बताया कि दोनों ओसामा व शुभम जिगरी दोस्त थे। दोनों ने बचपन में एक जगह रहने के कारण पूरी पढ़ाई एक साथ की थी।
-दोनों आगे भी एमबीए की पढ़ाई रांची डोरंडा कॉलेज से साथ में ही कर रहे थे और रांची में ही रह रहे थे। बुधवार को घर में हज का कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए दोनों को बुलाया गया था और यह हादसा हो गया।
मूकदर्शक बनी रही पुलिस,ग्रामीणों ने खोज निकाला शव
- पुलिस प्रशासन इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में मूकदर्शक बनी रही। न तो पुलिस और न ही जिला प्रशासन ने घटना के बाद कार व शव को निकालने के लिए व्यापक रूप से पहल किया।
- दुलमी व गोला प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीण गोताखोर दानिश कुमार, सतीष कुमार सहित दर्जनों ने युवकों का शव खोज निकाला। उसके बाद जिला प्रशासन द्वारा बुलाए गए नाविक पहुंचे।
बच सकती थी जान,नहीं रोका गया था रास्ता
-गोला सिकिदिरी व चारु पथ का मेन रोड सेनेगढ़ा पुल होकर ही गुजरता है। लेकिन सेनेगढ़ा पुल में पानी भर जाने के बाद गोला की ओर तो पुलिस ने बेरिकेटिंग कर रास्ता रोक दिया गया लेकिन सिकिदिरी व कुल्ही की ओर से रास्ता नहीं रोका गया।
-इसके कारण युवकों को लगा कि इस रास्ते से गाड़ियां जा रही हैं और युवकों ने भी रास्ता पार किया, जिसके कारण यह घटना घटी।
परिजनों का रो रो कर है बुरा हाल
-जानकारी के बाद दोनों युवक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। आमीर का शव मिलने के बाद पिता और परिजन विलाप में डूब गए। उन्हें विश्वास ही नहीं हो पा रहा था कि उसके बेटे की जान चली गई।
-शुभम का शव आमीर के शव मिलने के काफी देर बाद मिला। शव मिलने के बाद दोनों के परिजन रोने लगे।

Post a Comment