Header Ads

दोस्त का मर्डर कर दिखाई खुद की मौत, लेकिन कर दी ये बड़ी गलती


ब्रहमपुरी पुलिस ने आरिफ हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया है। आरिफ की हत्या उसके ही दोस्त ने की थी। दोस्त ने कर्ज से छुटकारा पाने के लिए खुद को मरा दिखाने की कोशिश में अपने दोस्त की हत्या कर दी। उसने शव को अपने कपड़े पहना दिए और जेब में अपना ही आधार कार्ड तो रख दिया, लेकिन एक बड़ी गलती कर बैठा, जिससे उसका पूरा राज खुल गया। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है।

27 जून को खाली प्लॉट में मिला था सड़ा गला शव
- थाना ब्रहमपुरी पुलिस को 27 जून को सांईपुरम में एक खाली प्लॉट में सड़ा गला शव मिला था। शव के पास से पुलिस को एक आधार कार्ड मिला था, जिसपर मोबीन लिखा था।
- आधार कार्ड पर मौजूद एड्रेस पर जब पुलिस ने जाकर छानबीन की तो परिजनों ने बताया कि मोबीन 22 जून से लापता है। उसे अंतिम बार आरिफ के साथ देखा गया था। आरिफ के घर जाकर पता किया तो वहां से भी वहीं जानकारी पुलिस को मिली।
- बाद में जब मोबीन और आरिफ के परिजनों से बात की, तो ताबीज, चप्पल और बेल्ट के आधार पर शव की शिनाख्त आरिफ के रूप में की।
- उसके बाद पुलिस ने मोबीन की तलाश शुरू कर दी। गुरुवार को थाना ब्रहमपुरी पुलिस ने मोबीन को मेवला फाटक के पास से अरेस्ट कर लिया।
ये बताई हत्या की वजह
- पुलिस द्वारा पूछताछ में मोबीन ने बताया कि उसके ऊपर मंडी के कई व्यापारियों का कर्ज था। अपनी पत्नी की बीमारी के कारण वो पैसा वापस नहीं कर पा रहा था।
- व्यापारियों के तकादे से बचने के लिए उसने अपनी मौत की साजिश रची।
हत्या के बाद जला दिया चेहरा, लेकिन की थी ये बड़ी गलती
- योजना के मुताबिक, वो 22 जून को आरिफ को घर से साथ लेकर आया। दोनों ने पहले शराब खरीदी और सांईपुरम में खाली प्लॉट पर पहुंच गए।
- वहां शराब पी, आरिफ जब नशे में था, तो उसने आरिफ की गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद पहचान छिपाने के लिए उसने शव के चेहरे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
- फिर उसे अपने कपड़े पहना दिए। ताकि शव देखकर लोगों को लगे कि ये मोबीन का शव है। उसकी पॉकेट में अपना आधार कार्ड भी रख दिया।
- आरिफ की हत्या करने के बाद वो मुंबई चला गया।
- लेकिन उसने आरिफ के ताबीज, चप्पल और बेल्ट पर ध्यान नहीं दिया, जिससे शव की शिनाख्त आसानी से हो गई और उसका पूरा राज खुल गया। पुलिस ने जब शव की शिनाख्त आरिफ के रूप में करा ली तो उसकी योजना फेल हो गई।
क्या कहती है पुलिस ?
- थाना प्रभारी ब्रहमपुरी अजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि ये पता चलने पर कि शव की शिनाख्त आरिफ के रूप में हो गई है वो मुंबई से वापस मेरठ आ रहा था। क्राइम ब्रांच उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर उसे मेवला फाटक के पास से गिरफ्तार किया गया।
- उसकी निशानदेही पर आरिफ की शर्ट भी बरामद कर ली गई है।उसे जेल भेजा जा रहा है।