Header Ads

'मोहब्बतें गर्ल' ने दिया पति को तलाक! अब नए ब्वॉयफ्रेंड से भी हो गया ब्रेकअप


फिल्म 'मोहब्बतें' से पॉपुलर हुई एक्ट्रेस किम शर्मा इन दिनों अपने पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, किम की उनके पति अली पुंजानी से तलाक लेने की कानूनी प्रकिया पूरी हो चुकी है। किम ने कुछ महीने पहले तलाक की अर्जी फाइल की थी। हालांकि उनकी तरफ से अब तक इस मामले को लेकर कोई बयान नहीं आया है। बता दें कि अली पुंजानी से अलग होने के बाद मीडिया में ऐसी खबरें भी आईं कि किम शर्मा दिवालिया हो गई हैं। हालांकि बाद में किम ने ट्वीट कर ऐसी खबरों का खंडन किया था।

2010 में किम शर्मा ने केन्या के रहने वाले बिजनेसमैन अली पुंजानी से मोम्बासा में शादी की थी। हालांकि दोनों ने अप्रैल, 2017 में तलाक की अर्जी फाइल की थी। अली पहले से ही शादीशुदा और तीन बच्चों के पिता थे। अपनी पत्नी से तलाक लेकर अली पुंजानी ने किम शर्मा से शादी की थी।

किम मुंबई में ही फैशन डिजाइनर अर्जुन खन्ना को डेट कर रही थीं। लेकिन अब खबरें हैं कि किम शर्मा का अपने नए ब्वॉयफ्रेंड अर्जुन से भी ब्रेकअप हो गया है और फिलहाल वो सिंगल हैं। बता दें कि दोनों को कई बार साथ में देखा जा चुका है। डब्बू रत्नानी के कैलेंडर लॉन्च पर भी दोनों को हाथों में हाथ डाले देखा गया था। इतना ही नहीं, जनवरी, 2017 में किम और अर्जुन अलीबाग स्थित उनकी फ्रेंड लीना मुखी के मैंगो बीच हाउस रिजॉर्ट पर भी गए थे। अर्जुन खन्ना पहले से शादी-शुदा हैं और उनकी पत्नी का नाम शेफाली है।

अली पुंजानी से शादी करने से पहले किम शर्मा स्पेनिश ब्वॉयफ्रेंड कॉर्लोस मार्टिन को भी डेट कर चुकी हैं। दोनों की प्लानिंग शादी के बाद मैड्रिड शिफ्ट होने की थी। लेकिन किसी वजह से इन्होंने सगाई तोड़ दी थी।

किम शर्मा सबसे पहले क्रिकेटर युवराज सिंह से अफेयर को लेकर सुर्खियों में आई थीं। दोनों का रिश्ता करीब 4 साल तक चला और फिर 2007 में ब्रेकअप हो गया। कहा गया कि युवराज की मां को किम पसंद नहीं थीं, इसलिए ये रिश्ता टूट गया। युवी मां की बात मानते हुए किम से अलग हो गए। हालांकि, बाद में एक इंटरव्यू में किम ने कहा था कि युवराज और उनके बीच अंडरस्टैंडिंग नहीं थी।

जब किम विज्ञापनों में काम कर रही थीं, तभी आदित्य चोपड़ा की नजर उन पर पड़ी। उन्हें फिल्मों में पहला ब्रेक 'मोहब्बतें' (2000) से मिला। 'मोहब्बतें' के बाद वैसे तो किम बहुत-सी फिल्मों में नजर आईं, लेकिन कोई भी फिल्म खास कमाल नहीं दिखा सकी। अपनी अगली फिल्म 'कहता है दिल बार बार' में वो जिमी शेरगिल के अपोज़िट दिखीं। फिल्म में इन्होंने एक अमीर बिज़नेसमैन की बेटी का किरदार निभाया था। लेकिन फिल्म फ्लॉप निकली।

किम ने सबसे पहले फिल्म 'डर' में स्पेशल अपीयरेंस किया था। इसके बाद उन्होंने मोहब्बतें, फिदा, तुमसे अच्छा कौन है, नहले पे दहला, खडगम, टॉम डिक एंड हैरी, मनी है तो हनी है, यकीन, छोड़ो ना यार, ताजमहल, पद्मश्री लालूप्रसाद यादव और जिंदगी रॉक्स जैसी फिल्मों में काम किया। किम ने मगधीरा में एक आइटम नंबर भी किया है।