Header Ads

सेक्‍शुअल हैरेसमेंट पर बोली ये एक्ट्रेस- डायरेक्टर ने बुलाया था होटल के रूम में


सेक्‍शुअल हैरेसमेंट की घटना पर अब स्वरा भास्कर सामने आई है और उन्होंने खुद के साथ हुई घटना का खुलासा किया है।

लंबे समय से हॉलीवुड सहित बॉलीवुड की कई एक्ट्रेसेस अपने साथ हुए सेक्‍शुअल हैरेसमेंट की घटनाओं का खुलासा कर रही हैं। ऐसी ही घटना पर अब एक और एक्ट्रेस सामने आई हैं, जिन्होंने खुद के साथ हुई घटना का खुलासा किया है। ये एक्ट्रेस हैं स्वरा भास्कर, जो इन दिनों फिल्म 'वीरे दी वेडिंग' की शूटिंग में बिजी हैं। मुंबई मिरर को दिए एक इंटरव्‍यू में स्‍वरा ने बॉलीवुड में अपने करियर के शुरुआती दौर की घटना का खुलासा किया कि जिस फिल्म में वे काम कर रही थीं, उस फिल्म के डायरेक्टर ने उन्हें होटल के रूम में बुलाया। वहां वो डायरेक्टर शराब पी रहा था। इतना ही नहीं, एक रात वो शराब पीकर उनके रूम में भी आ गया था।
स्वरा ने बताया, "हम 56 दिन के लिए एक दूर-दराज के इलाके में शूटिंग कर रहे थे और मैं इंडस्‍ट्री में अभी काफी नई थी। इस‍ फिल्‍म के डायरेक्‍टर ने मुझे मैसेज कर और डिनर के लिए इनवाइट करके परेशान कर दिया था। वह पूरे दिन मेरा पीछा करता था और रातभर मुझे फोन करता था। मुझे एक सीन पर चर्चा करने के लिए होटल के एक कमरे में जाने को कहा गया। वहां जाकर मैंने उसे शराब पीते हुए देखा। पहले ही हफ्ते में वह प्‍यार और सेक्‍स की बातें करने लगा और एक रात वह शराब पीकर मेरे कमरे में आया और मुझे गले लगाने को कहने लगा। यह डरावना था। बता दें कि स्वरा ने फिल्म 'प्रेम रतन धन पायो' में सलमान खान की बहन का रोल प्ले किया था।

स्‍वरा ने बताया, "मैं बहुत छोटी और अकेली थी। मैं पैकअप के बाद लाइट बंद कर के अपना मेकअप हटाती थी, ताकि वह समझे कि मैं सो गई हूं।" स्‍वरा ने कहा कि उस डायरेक्‍टर को उन्‍होंने यह भी बताया कि उनके इस तरह के व्‍यवहार से वे कितना परेशान हो रही हैं, लेकिन इसके बाद भी वह नहीं माना। स्‍वरा ने कहा, "आखिरकार, मैंने एग्जीक्यूटुव प्रोड्यूसर को कहा कि मेरे साथ हर वक्‍त कोई न कोई होना चाहिए।" उन्होंने कहा कि इस तरह के शोषण से बचने का एक ही तरीका है, "भले ही रोल आपके हाथ से चला जाए, लेकिन आप उनकी शर्तों के आगे झुकें नहीं।"


स्वरा ने बताया, "फिल्‍म के सेट पर कुछ लोग आदेश देते हैं और बाकी उसका पालन करते हैं। ऐसी जगह सेक्‍शुअल हैरेसमेंट के लिए अनुकूल होती है, क्‍योंकि यहां पीड़िता को आसानी से चुप कराया जा सकता है।" उन्होंने ये भी खुलासा किया कि कैसे उनसे भी एक फिल्‍म में रोल दिए जाने के बदले सेक्‍शुअल फेवर मांगे गए थे और ऐसा करने से मना करने पर उन्‍हें कुछ फिल्‍मों से निकाला गया। स्‍वरा ने फिल्‍म सेट्स पर सुरक्षा की कमी पर भी बात की।