Header Ads

आम्रपाली बनी द बर्निंग ट्रेन, धू-धू कर जल गयीं बोगियां


कटिहार रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरातफरी मच गयी, जब ट्रेन में आग लग गयी. देखते ही देखते आ​म्रपाली एक्सप्रेस द बर्निंग ट्रेन बन गयी. रेलकर्मी कुछ समझ पाते, तब तक मामला काफी आगे बढ़ गया था. ट्रेन में ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं. गनीमत थी कि ट्रेन स्टेशन पर खड़ी थी और किसी को कुछ नहीं हुआ.

बताया जाता है कि विगत दो दिनों से आम्रपाली एक्सप्रेस कैंसिल थी. दरअसल कटिहार-बरौनी रेलखंड के पसराहा स्टेशन के पास रेल पटरी के धंसने के बाद वहां पर मरम्मत कार्य चल रहा था. इसकी वजह से कई ट्रेनों को कैंसिल किया गया था और कुछ ट्रेनों को डायवर्ट किया गया था. वहीं बुधवार से अब इस रेलखंड पर धीमी गति (करीब 20 किमी/घंटा) से ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया. लेकिन इसी बीच आम्रपाली ट्रेन में आग लगने की घटना हुई.

लोगों की मानें तो गोशाला मालगोदाम के समीप शंटिंग में ट्रेन खड़ी थी. ट्रेन की बोगी में अचानक आग लग गयी. दो स्लीपर बोगियां पूरी तरह जल कर खाक हो गईं. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के लोगों सहित स्थानीय लोग भी घटनास्थल की दौड़े. स्थानीय लोगों के सहयोग से रेलकर्मियों ने अन्य बोगियों को दूर हटाया.

उधर जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर रेलवे के वरीय अधिकारी एवं दमकल की गाडिय़ां पहुंच गयीं. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि भीषण आग के कारण आस-पास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई है. बता दें कि 17 सितंबर को कटिहार स्टेशन पर जेसीबी मशीन में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी.

इस संबंध में एनएफ रेल मंडल कटिहार के एडीआरएम डीएल मीणा ने मीडिया को बताया कि आग लगने के सही कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है. ऐसे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. घटना की जांच के आदेश दे दिये गये हैं. पसराहा के समीप ट्रैक ध्वस्त होने से कैंसिल ट्रेन आम्रपाली की बोगी यहां खड़ी की गई थी. बोगी के गेट खुले होने की बात सामने आ रही है. इसकी भी जांच करायी जाएगी.