Header Ads

टॉवर पर 50 फीट ऊपर लटक बुलवाया पत्नी को, सामने आई ये कहानी


रतलाम के राम रहीम नगर में 33 केवीए हाई टेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़े एक व्यक्ति ने शराब के नशे में हंगामा मचा दिया। बुधवार शाम करीब 7.30 बजे शुरू हुआ ड्रामा करीब डेढ़ घंटे चला। इस दौरान टॉवर के नीचे भीड़ जमा हो गई। पुलिस पहुंची और परिजन के समझाने पर वह 9.07 बजे टॉवर से उतरा।

- थाना प्रभारी अजयसिंह राणा ने बताया पारिवारिक विवाद के चलते पूंजा डूंगरा हाईटेंशन लाइन टॉवर पर करीब 50 फीट ऊपर चढ़ गया था। जानकारी मिलने पर सप्लाई बंद करवाई। मौके पर 108 एम्बुलेंस और फायरब्रिगेड भी बुलवा ली थी। पीसीआर वैन के माइक से तलाकशुदा पत्नी मुन्नीबाई, बेटे राकेश तथा परिचित कलाबाई भूरिया से मानसिंह की बात करवाई। नीचे उतरने के बाद मानसिंह को भाई वीरसिंह के साथ घर भिजवा दिया।

- पत्नी मुन्नीबाई ने बताया नशे में मारपीट से तंग आकर वह बच्चों को साथ लेकर मानसिंह से अलग रहने लगी थी। 26 मई 2013 की रात मानसिंह 10-15 रिश्तेदारों को लेकर जीप से आया और मारपीट कर अपहरण कर ले गया। जंगल ले जाकर फिर मारपीट की। पुलिस ने उसे छुड़वाया और मानसिंह तथा साथियों को गिरफ्तार किया था।

- प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पत्नी मुन्नीबाई द्वारा तलाक देकर दूसरी शादी करने पर मानसिंह मामले का ‘निपटारा’ करने के लिए पुलिस के साहब को बुलाने की मांग कर रहा था। नशे में टॉवर पर चढ़े मानसिंह के गले में गमछा था। गले में गमछा बांधकर वह टॉवर के एंगल पर लेट गया और फांसी लगाने की धमकी देने लगा।

- जानकारी के अनुसार नशे में मारपीट करने और शराब के लिए जमीन बेच देने के कारण पत्नी मुन्नीबाई ने मानसिंह को तलाक दे दिया था। दो बेटे राकेश और वासुदेव और तीन बेटियां हंसा, ममता व संगीता राम-रहीम नगर में मां मुन्नीबाई के साथ रहने लगे। मानसिंह अपने गांव पूंजा डूंगरा रहने चला गया। तीनों बेटियों और बेटे राकेश की शादी हो चुकी है। मुन्नीबाई ने भी खेतलपुर निवासी बंशी डामर से शादी कर ली। मुन्नीबाई की बेटी संगीता ने लड़की को जन्म दिया। बुधवार को मानसिंह नवजात नातिन को देखने राम-रहीम नगर पहुंचा जहां विवाद के बाद वह शराब के नशे में टॉवर पर चढ़ गया।