Header Ads

पद्मावती विवाद: अब थरूर से भिड़ीं स्मृति, 3 नेताओं से पूछा ये सवाल


पद्मावती फिल्म पर उपजे विवाद मामले में सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति इरानी की ओर से ली गई एक चुटकी पर कांग्रेस के दो दिग्गज नेता शशि थरूर और ज्योरतिरादित्य सिंधिया आमने-सामने आ गए।

फिल्म 'पद्मावती' के ऊपर हो रहे विवाद में अब कांग्रेस नेता शशि थरूर को जवाब देने के लिए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी कूद गई हैं। केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने फिल्म 'पद्मावती' को लेकर जारी विवाद पर कांग्रेस नेता शशि थरूर की 'महाराजा; वाली टिप्पणी को लेकर ट्वीट के जरिये उन पर निशाना साधा है।

दरअसल थरूर ने गुरूवार को कथित तौर पर कहा था कथित शूरवीर महाराजा उस वक्त कहां थे जब ब्रिटेन ने उनके सम्मान को रौंद डाला था और अब वे एक फिल्मकार के पीछे पड़े हुए हैं और दावा कर रहे हैं कि उनका सम्मान दांव पर लग गया है।

शशि थरूर की टिप्पणी पर ट्वीट करते हुए स्मृति ने शुक्रवार को कहा कि 'क्या सभी महाराजाओं ने ब्रिटिश के आगे घुटने टेक दिये थे? शशि थरूर की टिप्पणियों पर ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिग्गी राजा (दिग्विजय सिंह) और अमरिंदर सिंह क्या कहेंगे?' बता दें कि कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिग्विजय सिंह और अमरिंदर सिंह सभी राज घरानों से ताल्लुक रखते हैं।

हालांकि, थरूर ने गुरूवार को ट्वीट कर कहा था कि 'मैं इससे निराश हूं कि भाजपा के समर्थक दावा कर रहे हैं कि मैंने राजपूत सम्मान पर हमला किया... मैं उन महाराजाओं के बारे में बोल रहा हूं जिन्होंने ब्रिटिश के साथ समझौता किया। मैंने अपने जीवन में कभी भी कोई सांप्रदायिक टिप्पणी नहीं की है।' राजपूत समुदाय की विशेष चिंताओं पर उन्होंने कहा कि भारत की विविधता और सद्भाव के हित में लोगों की भावनाओं का जरूर सम्मान किया जाना चाहिए।