15 मोबाइल लेकर घूम रही थी हनीप्रीत, इंटरनेशनल नंबर से करती थी बात
देशद्रोह और हिंसा भड़काने की आरोपी राम रहीम की ‘मुंहबोली बेटी’ हनीप्रीत एवं उसकी सहयोगी सुखदीप कौर को कोर्ट ने बुधवार को 6 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। हरियाणा पुलिस की एसआईटी हनीप्रीत को अब उन स्थानों पर लेकर जाएगी जहां-जहां वह छिपी थी। पूछताछ में पता चला है कि 4 दिन से हनीप्रीत की गाड़ी सुखदीप चला रही थी और पंचकूला के 15 किलोमीटर के दायरे में तीन जगहों पर उसके साथ ही रुकी थी। हनीप्रीत ने 38 दिन में 15 इंटरनेशनल मोबाइल नंबर्स का इस्तेमाल किया।
इसके अलावा हनीप्रीत ने सिरसा और राजस्थान की आईडी वाले कई नंबरों के जरिए भी 30 के करीब लोगों से संपर्क साधा। पुलिस अब उनका पता लगाएगी।
- हनीप्रीत के पास इंटरनेशनल नंबर थे, जिन्हें उसने इस्तेमाल किया और उनसे ही वॉट्सऐप कॉल किए।
- हनीप्रीत 25 अगस्त से ही आदित्य, पवन, रोहताश के संपर्क में थी। इन सभी से उसकी वॉट्सऐप पर बात होती थी। हनीप्रीत ने कहीं भी सिंपल कॉलिंग का इस्तेमाल नहीं किया।
हनीप्रीत और उसका साथ देने वाली महिला को पंचकूला कोर्ट में पेश किया गया।
- हनीप्रीत और उसके साथ गिरफ्तार की गई एक महिला को पुलिस एक व्हाइट कलर की कार में बिठाया गया। पुलिस के काफिले में 6 गाड़ियां थीं। सबसे आगे और सबसे पीछे वाली गाड़ी में हरियाणा पुलिस के कमांडो थे।
- पुलिस हनीप्रीत और महिला को लेकर पंचकूला थाने के पिछले दरवाजे से कोर्ट के लिए निकली थी।
-एसआईटी हनीप्रीत को लेकर आज बठिंडा जाएगी। वहां वह सुखदीप कौर के घर पर छिपी थी।
- पुलिस बुधवार तड़के तीन बजे तक हनीप्रीत से पूछताछ करती रही। 9 घंटे की पूछताछ के दौरान उसने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसपर तत्काल उसे डॉक्टर को दिखाया गया।
- डॉक्टर ने उसे ठीक-ठाक बताया। उसके बाद भी हनीप्रीत माइग्रेन की शिकायत करती रही। कहा-मुझे काफी समय से माइग्रेन है, रेगुलर चेकअप की जरूरत है। इस पर पुलिस ने डॉक्टरों का एक पैनल भी तैयार कर लिया है।
- रेप की शिकार दो साध्वियों ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में रिव्यू पिटिशन दाखिल कर राम रहीम को उम्रकैद की सजा देने की मांग की है।
- सीबीआई कोर्ट ने 25 अगस्त को राम रहीम को 20 साल जेल की सजा सुनाई थी।
- पिटिशन में विक्टिम साध्वियों ने कहा कि राम रहीम ने धार्मिक संस्था का मुखी होने के बावजूद भक्तों के साथ विश्वासघात किया। पदवी का दुरुपयोग करते हुए रेप किया। इसलिए उसकी सजा को उम्रकैद में तब्दील किया जाना चाहिए।
राम रहीम को रेप केस में दोषी करार दिए जाने के बाद हनीप्रीत बाबा के साथ पुलिस के हेलिकॉप्टर से रोहतक की सुनारिया जेल पहुंची थी।
- उसने बाबा के साथ अंदर जाने की जिद की थी, लेकिन पुलिस ने उसे वहां से बाहर भेज दिया था। इसके बाद से हनीप्रीत गायब थी।
- वहीं, डेरे की चेयरपर्सन विपासना इंसा का कहना है कि हनीप्रीत 25 अगस्त की रात को उसके साथ डेरा सच्चा सौदा सिरसा आई थी। इसके बाद अगले दिन वह वहां से निकल गई। फिर 39 दिन उसका कोई अता-पता नहीं चला।
हनीप्रीत के पिता रामानंद तनेजा और मां आशा तनेजा फतेहाबाद के रहने वाले हैं। हनीप्रीत का असली नाम प्रियंका तनेजा है।
- हनीप्रीत के पिता राम रहीम के अनुयायी थे। वे अपनी सारी प्रॉपर्टी बेचने के बाद डेरा सच्चा सौदा में अपनी दुकान चलाने लगे।
- 14 फरवरी 1999 को हनीप्रीत और विश्वास गुप्ता की सत्संग में शादी हुई। इसके बाद बाबा ने हनीप्रीत को अपनी तीसरी बेटी घोषित कर दिया।
- हनीप्रीत राम रहीम के प्रोडक्शन में बनी फिल्मों में एक्टिंग और डायरेक्शन भी कर चुकी है। बताया जाता है कि हनीप्रीत साए की तरह बाबा के साथ रहती थी।
- हनीप्रीत के पूर्व पति का आरोप है कि हनीप्रीत और राम रहीम के बीच नाजायज रिश्ते थे। उसने दोनों को एक बार आपत्तिजनक हालत में देखा था।
- जब राम रहीम को रेप केस में दोषी करार दिया गया तो हरियाणा में जमकर हिंसा भड़की। हनीप्रीत पर इस हिंसा की साजिश में शामिल होने का आरोप है।


Post a Comment