बच्ची ने पापा के इलाज के लिए PM को लिखा लेटर, योगी ने दिया ये जवाब
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर की मासूम बच्ची की गुहार पर कोमा में चले गए उसके पिता का सरकारी खर्च पर इलाज कराने का निर्देश दिया है। यह मामला ट्विटर के माध्यम से उनकी जानकारी में आया था। सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र स्थित अलीपुर गांव की इशु की तकलीफ को लोगों ने ट्वीटर के माध्यम से सीएम योगी आदित्यनाथ और पीएम मोदी के संज्ञान में लाते हुए मदद देने का अनुरोध किया था।
ट्विटर पर इशु के साथ कोमा में चले गए उसके पिता अरुण कुमार की तस्वीर के अलावा ईशू द्वारा पीएम को लिखी गई चिट्ठी भी 'टैग' की गई थी।
- इशु ने चिट्ठी में लिखा है- ''मेरे पापा एक साल से कोमा में हैं। सड़क दुर्घटना के वक्त उनके सिर में गहरी चोट लग गई थी। घर में पैसे नहीं होने के कारण उनका सही तरीके से इलाज नहीं करा पा रहे हैं।''
- ''मैं अपने बीमार पापा, मम्मी और एक साल के छोटे भाई के साथ कच्चे मकान में रहती हूं। आपसे प्रार्थना है कि मेरे पापा का इलाज सरकारी संस्थान में कराएं।''
बता दें, इस लेटर के वायरल होने के बाद सीएम योगी ने इसका संज्ञान लिया। उन्होंने सहारनपुर के डीएम अरुण कुमार को इलाज कराने की व्यवस्था करने को कहा।
- इस संबंध का एक ट्वीट सीएम ऑफिस ग्रुप से भी किया गया। जिसमें लिखा है- ''सीएम योगी ने जिलाधिकारी सहारनपुर को अरुण कुमार के उपचार की अविलम्ब व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।''
- सीएम के निर्देश पर सहारनपुर के जिला प्रशासन ने इशु के पिता अरुण कुमार के इलाज की व्यवस्था कराई।

Post a Comment