पुलिसवाले को लोहे की रॉड से पीटा, फिर जमीन पर पटक घसीटते रहे तीन लोग
बदमाशों के हौंसले किस कदर बुलंद हो गए हैं, इसका एक नमूना परदेशीपुरा क्षेत्र में देखने को मिला। यहां कुछ बदमाशों ने छोटे से विवाद में एक पुलिस जवान को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह चल भी नहीं पा रहा था। यह पूरी घटना यहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों को तलाश रही है।
मिली जानकारी अनुसार मामला परदेशीपुरा थाना क्षेत्र का है। डीआरपी लाइन में पदस्थ पुलिसकर्मी विनीत जाट और क्षेत्र के एक युवक की बाइक आपस में टकरा गई, जिससे दोनों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि क्षेत्र के ही तीन-चार लोगों ने पुलिसकर्मी को पीटना शुरू कर दिया।
- इसी दौरान एक युवक दौड़ा और लोहे की रॉड निकाल लाया। इसके बाद उसने एक के बाद एक कई वार पुलिसकर्मी के पैर और पीठ पर किए। उन्होंने जवान को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह चल भी नहीं पा रहा था। इस दौरान पुलिसकर्मी उनसे छोड़ देने के लिए गुहार लगा रहा था, लेकिन वे उसे लगातार पीट रहे थे।
- पुलिस ने विनीत की शिकायत पर रिंकू पिता रमेशचंद्र, दीपक और उसके एक साथी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
- विनीत ने बताया कि वह घर से साथी पुलिसकर्मी के साथ ड्यूटी पर डीआरपी लाइन जा रहे थे। कुलकर्णी का भट्टा चौराहे के पास रांग साइड से एक लड़का बाइक पर तेजगति से आ रहा था।
- लड़का जैसे ही उनके पास आया उसने अचानक बाइ मोड़ दी, इससे उनके बीच टक्कर होते-होते बची। इस पर विनीत ने उसे बाइक संभलकर चलाने को कहा तो वह विवाद करने लगा। इसी दौरान उसके कुछ दोस्त वहां आ गए और बहस करने लगे।
- इसके बाद उन लड़कों ने गाली-गलौज करते हुए मारना शुरू कर दिया। घायल साथी पुलिस की मदद लेने दौड़ा, तो विनीत को अकेला पाकर सभी उस पर टूट पड़े। उन्होंने उसे पहले लात घूसों से पीटा और फिर लोहे की रॉड से उसके पैर और पीठ पर वार किया। इस दौरान उन्होंने आसपास वालों से मदद की गुहार लगाई लेकिन किसी ने मदद नहीं की।
- काफी देर तक पीटने के बाद वे उन्हें सड़क पर घसीटने लगे। विनीत ने बताया कि दोनों को ही पैर, गर्दन, पीठ और चेहरे पर चोट आई है। पुलिस अारोपियों को तलाश रही है।

Post a Comment