मौत से पहले हथेली पर लिखा मैसेज-18 साल की हो गई हूं..रहस्य बना सुसाइड
यूपी के ललितपुर जिले में गुरुवार को कॉलेज के लिए घर से निकली स्टूडेंट ने रास्ते में जहर खा लिया। सड़क पर बेहोश पड़ी स्टूडेंट को राहगीरों ने हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लड़की के हाथ में लिखा था, ''मैं 18 साल की हो गई हूं, मुझपर किसी का अधिकार नहीं, मैं अपनी मर्जी से मर रही हूं। मेरे मां बाप जैसे पैरेंट्स सभी को मिले। मुझे माफ कर देना।''
- मामला ललितपुर जिले के कोतवाली महरौनी थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाली राजाबेटी ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया।
- मृतका की मां नर्वदा ने रोते हुए बताया, बेटी सुबह ही कॉलेज जाने के लिए तैयार हो गई थी। सबसे हंस-बोल रही थी। वह B.A में एडमिशन लेने के लिए घर से निकली थी। बोली थी- कॉलेज से जल्दी आ जाऊंगी। तभी खबर मिली कि बेटी इंडिया चौराहे के पास सड़क पर बेहोश मिली। राहगीर उसे जिला अस्पताल लेकर गए।
- हम भी अस्पताल पहुंचे, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने बेटी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि बेटी ने जहर खाया था। पूरे शरीर में जहर फैल चुका था, इसलिए उसे नहीं बचा सके।
- पिता ने बताया, 5 भाई-बहन में राजाबेटी तीसरे नंबर की बेटी थी। इसी साल वो इंटर पास हुई थी और बीए में एडमिशन लेने के लिए घर से निकली थी। घर पर कोई झगड़ा नहीं हुआ, फिर भी उसने ऐसा क्यों किया, समझ नहीं आ रहा। वो हमारी लाडली बेटी थी, इसलिए उसका नाम राजाबेटी रखा था।
ललितपुर एसपी सलमान ताज ने बताया, कॉलेज जाते समय लड़की सड़क पर बेहोश हो गई। वह पैदल चल रही थी। उसके हाथ में एक मैसेज लिखा था। बैग में भी एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है- अब मैं 18 साल की हो गई हूं, अब किसी का मेरे ऊपर कोई अधिकार नहीं है। मुझे मरना है, इसलिए मैं अपनी मर्जी से मर रही हूं। मेरे परिवार वालों से कुछ मत कहना। मां-बाप को परेशान न किया जाए। आखिर में लिखा है- Miss U...
- हालांकि, नोट में सुसाइड करने की वजह नहीं लिखी है। छात्रा के बैग से जहर की बोतल भी मिली, जोकि पूरी खाली है। मृतका के परिजनों और फ्रेंड्स से बात की जा रही है। कुछ मोबाइल के डिटेल भी निकाले जा रहे हैं। जल्द ही सुसाइड के पीछे का रहस्य सामने आएगा।

Post a Comment