Header Ads

गैर फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखती हैं ये दो एक्ट्रेस, ऐसे हैं Life के Facts


दोनों एक्ट्रेस ने बॉलीवुड में उन्होंने अपना खास मुकाम बना लिया है

इसी हफ्ते अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा 35 साल की हुई हैं, साथ ही उनकी पहली हॉलीवुड फिल्म में निभाए किरदार के लिए उन्हें टीन च्वाइस अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है। अभिनेत्री कंगना रनोट हाल ही में अपनी एक फिल्म शूटिंग के दौरान घायल हो गईं। दोनों ही एक्ट्रेस गैर फ़िल्मी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। लेकिन बॉलीवुड में उन्होंने अपना खास मुकाम बना लिया है।

प्रियंका चोपड़ा

अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा 35 साल की हो चुकी हैं। उन्होंने बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक का सफर तय कर अपनी पहचान इंटरनेशनल आइकॉन के तौर पर बनाई है। वे बचपन में एक स्टूडेंट के तौर पर अमेरिका गई थीं। तब उन्हें वहां नस्ल और रंगभेदी टिप्पणियों का सामना करना पड़ा था। अब एक स्टार बनकर जब प्रियंका अमेरिका गईं तो उन्हीं शहरों में उनके हॉर्डिंग लगे थे, जिनमें कभी उनका अपमान हुआ था। ये प्रियंका के आत्मविश्वास, साहस और हुनर का ही नतीजा है। कम उम्र में इतनी तरक्कियों के साथ उन्होंने अपने परिवार को भी पूरा समय दिया है। उनकी एक सामाजिक संस्था है जिसके जरिए वे आम लोगों की मदद करती हैं। इस संस्था का नाम ‘द प्रियंका चोपड़ा फाउंडेशन ऑफ हेल्थ एंड एजुकेशन’ है। उनकी संस्था गरीब बच्चों को भारत के कई हिस्सों में शिक्षा देती है और उनके स्वास्थ का ध्यान रखती है। वे अपनी कमाई का 10 प्रतिशत इस संस्था को चलाने के लिए देती हैं।

वे इंजीनियर या क्रिमिनल साइकोलॉजिस्ट बनना चाहती थीं, लेकिन 2000 में मिस वर्ल्ड बनना उनके लिए मील का पत्थर साबित हुआ। ये उनकी मां की जिद थी कि वे इस कॉम्पिटीशन में भाग लें। महज बीस वर्ष की उम्र में सन 2002 में इन्हें इनकी पहली फिल्म मिली जो तमिल भाषा में थी। हिन्दी फिल्मों में उनके करियर की शुरुआत फिल्म ‘द हीरो- लव स्टोरी ऑफ अ स्पाई' से हुई थी। इसके बाद उन्होंने क‍ई छोटी-बड़ी फिल्मों में काम किया।

प्रियंका गणित की दीवानी हैं। खाली समय में वे "मैथ-42' एप के जरिए गणित के सवाल हल करती हैं।
 वे इटली के सैलवेतोर फैरागैमो म्यूजियम में आमंत्रित पहली भारतीय अभिनेत्री हैं। उन्हें म्यूजियम की परंपरा के अनुरूप सैंडिल पहनाई गई थी। यह सम्मान मर्लिन मुनरो व आड्री हेपबर्न को मिला है।
 वे वेस्टर्न क्लासिकल म्यूजिक की दीवानी हैं। उन्होंने मार्शल आर्ट और कराते की भी शॉर्ट टर्म ट्रेनिंग ली है। वे संगीत में भी रुचि रखती हैं। उन्हें अपने पिता का गायन बहुत पसंद आता था।


जन्म: 18 जुलाई 1982
प्रियंका का जन्म जमशेदपुर में एक आर्मी परिवार में हुआ। उनके पिता अशोक चोपड़ा और मां मधु चोपड़ा इंडियन आर्मी में फिजिशियन थे। इस कारण प्रियंका की परवरिश कई शहरों में हुई। प्रियंका के भाई सिद्धार्थ उनसे सात साल छोटे हैं। 13 वर्ष की उम्र में वे अपनी चाची के घर अमेरिका में पढ़ने चली गई थीं। वहां पर उन्होंने कई थिएटर प्रोडक्शन के साथ काम किया, जहां उन्हें अभिनय की बारीकियां सीखने और समझने का मौका मिला। इसी दौरान वे संगीत में वेस्टर्न क्लासिकल, कोरल गायन और नृत्य भी सीख गईं। प्रियंका अपने निजी संबंधों को बेहद गोपनीय रखती हैं। वे कहती हैं कि उनके जीवन में भी रोमांटिक और हेल्दी रिलेशनशिप है, लेकिन इसके बारे में वे बात करना पसंद नहीं करतीं। शादी के बारे में वे कहती हैं कि इसमें अभी वक्त लग सकता है


कंगना रनोट

बॉलीवुड की फैशनेबल एक्ट्रेस कही जाने वालीं कंगना रनोट ने बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत लिया है। सिर्फ फैन्स ही नहीं बल्कि बॉलीवुड सेलेब्स भी उनकी अदायगी की सराहना करते हैं। यही वजह है कि अमिताभ बच्चन जैसे सुपरस्टार्स उन्हें खास खत लिखकर बॉलीवुड में उनकी कामयाबी पर बधाई देते हैं। कंगना ने अपनी सूझ-बूझ से बॉलीवुड में अपने पैर इस तरह स्थापित कर लिए हैं कि उनको अब हटा पाना नामुमकिन है। दो राष्ट्रीय पुरुस्कार और तीन फिल्मफेयर पुरुस्कार जीत चुकीं कंगना हमेशा से कुछ अलग करते आई हैं। इन्होंने कभी अपनी इमेज बांधकर नहीं रखी, हमेशा से कुछ नया सीखने की चाह और कुछ अलग कर दिखाने के जुनून के चलते अलग-अलग तरह की फिल्में साइन की। वे अपने चुलबुले मिजाज और साफगोई से दिए जाने वाले बयानों को लेकर भी चर्चाओं में रहती हैं। उनके और रितिक रोशन के बीच की लड़ाई सुर्खियों में है, दोनों के बीच कानूनी बहस जारी है।

वे अपने करियर को लेकर बहुत कन्फ्यूज थीं। तभी वो एक मॉडलिंग एजेंसी के संपर्क में आईं। कुछ दिन बाद कंगना इस काम से भी बोर हो गईं। इसके बाद उन्होंने अस्मिता थियेटर ग्रुप को ज्वाइन किया। कंगना ने फिल्मी करियर की शुरुआत फिल्म ‘गैंगस्टर’ से की। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर पुरस्कार मिला था। कई मुश्किलों के बाद कंगना ने बॉलीवुड में जगह बनाई है। आज इंडस्ट्री में वो सबसे ज्यादा फीस पानी वाली अभिनेत्रियों में शुमार हैं।

 कंगना की लव अफेयर की लिस्ट बहुत लंबी है। उनका नाम आदित्य पंचोली, अध्ययन सुमन, अजय देवगन सहित कई अभिनेताओं के साथ भी जोड़ा गया।
 कंगना ने एक बार कहा था कि उनका कई बार शारीरिक शोषण हुआ। वो मेरे करियर का शुरुआती दौर था। मैं इस घटना की डिटेल में नहीं जाना चाहूंगी।
कंगना के बारे में बहुत ही कम लोगों को ये पता होगा कि वो गजब का खाना भी पकाती हैं। इसके अलावा उनको न सिर्फ ज्वैलरी रखने का शौक है बल्कि गोल्ड रखना भी बेहद पसंद है।

जन्म: 23 मार्च 1987
कंगना का जन्म एक राजपूत परिवार में हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में हुआ था। उनके पिता अमरदीप रनोट एक बिजनेसमैन थे और मां आशा एक स्कूल टीचर। उनकी एक बड़ी बहन भी हैं जिनका नाम रंगोली है। वे कंगना की मैनेजर हैं और एक छोटा भाई है जिसका नाम अक्षत है। कंगना के दादाजी एक आईएएस अफसर थे और वो अपने पूरे परिवार के साथ भांबला टाउन में अपनी पैतृक हवेली में रहते थे। उनकी पढ़ाई डीएवी स्कूल चंडीगढ़ से हुई थी, वो अपने स्कूल की एक मेधावी छात्रा रही हैं। कंगना के माता पिता चाहते थे कि वो डॉक्टर बनें और यही कंगना भी चाहती थी कि वो डॉक्टर बनें। इंटर में कंगना जब किसी विषय में पास नहीं हो पाईं तो उन्होंने अपने इस सपने के बारे में फिर से सोचा। उन्होंने अपने करियर में कुछ और करने की ठानी, जिसके लिए वो दिल्ली चली गईं।