Header Ads

Exam में पूछा- गेहूं पिसवाने का काम कौन करे...पति, पत्नी, दोनों या नौकर


बिहार प्रारंभिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)2017 के शुरू होने से एक घंटे पहले ही रविवार को फर्जी प्रश्न और उत्तरों को सोशल मीडिया और वाट्सएप पर वायरल कर दिया गया। हालांकि परीक्षा के बाद जब प्रश्नों का मिलान किया गया तो उनमें समानता नहीं थी। पेपर 1 के पर्यावरण अध्ययन विषय में पूछा गया कि रोटी बनाने की प्रक्रिया में गेहूं पिसवाने का काम किसको करना चाहिए

बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने भी दावा किया कि प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ है।

- अभ्यर्थियों को परेशान करने के लिए असामाजिक तत्वों द्वारा प्रश्नपत्रों को वायरल किया गया।
- ऐसे तत्वों के खिलाफ एफआईआर और उन्हें चिह्नित कर गिरफ्तार करने का आदेश पटना के एसएसपी को दिया गया है।

- आनंद किशोर ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में कुल 348 केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न हुआ।

- हालांकि परीक्षा में कई बेतुके सवाल भी पूछे गए। पेपर 1 के पर्यावरण अध्ययन विषय में पूछा गया कि रोटी बनाने की प्रक्रिया में गेहूं पिसवाने का काम किसको करना चाहिए।

- इसके लिए चार विकल्प दिए गए हैं। पहला, केवल महिलाओं को, दूसरा, केवल पुरुषों को तीसरा, दोनों को तथा चौथा, घर के नौकर को।
- उर्दू विषय में पूछा गया कि मंधवाद कौन था, जबकि सही सवाल होगा सिंधवाद कौन था।

- परीक्षार्थियों ने बताया कि सिंधवाद सौदागर था, इसके विकल्प सही दिए गए हैं लेकिन ऊपर नाम गलत है ।
- इसी तरह प्रश्न संख्या 95 में मुल्कजमा क्या है, को लेकर भी कंफ्यूज है। प्रश्न संख्या 97 में वाक्य विन्यास गलत है।
- परीक्षार्थियों ने कहा कि कई प्रश्न सिलेबस से बाहर पूछे गए थे। गणित के सवाल काफी मुश्किल थे।


परीक्षा में अंग्रेजी की ओएमआर शीट पर इंग्लिश की स्पेलिंग english के बदले englihs लिखी थी।

- पहली पाली में अभ्यर्थियों ने वीक्षक से इसकी शिकायत की। लेकिन, उनके वश में कुछ नहीं था।
- कई जिलों में परीक्षा देते मुन्ना भाई भी पकड़े गए। इनमें मधुबनी में 4 और मधेपुरा में 2 को गिरफ्तार किया गया।


बिहार बोर्ड की ओर से रविवार को बिहार प्रारंभिक शिक्षक पात्रता परीक्षा 2017 आयोजित की गई। टीईटी में राज्यभर में 24 से अधिक फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए। ये सभी दूसरे के बदले परीक्षा दे रहे थे।

- जानकारी के अनुसार पूर्व बिहार, कोसी और सीमांचल में 12 फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ा गया। मुंगेर में एक, सहरसा में छह, मधेपुरा में तीन, कटिहार में एक और बांका में एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया।

- मधुबनी में भी कुछ परीक्षार्थी दूसरे के बदले परीक्षा देते हुए पकड़े गए हैं। सहरसा में नकल कर रहे दो परीक्षार्थियों को पकड़ा गया है।