इस पुरुष ने दिया है बच्ची को जन्म, इसमें ली गई है फेसबुक की मदद
हैडन क्रॉस ब्रिटेन का पहला पुरुष है, जिसने एक बच्चे को जन्म दिया है। उसने इसमें एक अनजान स्पर्म डोनर की मदद ली।
ब्रिटेन के एक पुरुष ने बीती 16 जून को एक बच्ची को जन्म दिया था। इसका खुलासा उसके परिवार ने 6 जुलाई को किया। बर्थ सर्टिफिकेट में पुरुष का नाम मां के तौर पर दर्ज है और पिता के नाम वाला कॉलम खाली है। 21 साल का यह पुरुष वास्तव में महिला के रूप में जन्मा था और बाद उसने अपना जेंडर चेंज करवाया था। बच्चा पैदा करने के लिए उसने फेसबुक की मदद से एक स्पर्म डोनर खोजा था। डोनर की पहचान जाहिर नहीं की गई है। यह है मामला...
बच्चा को जन्म देने वाला ब्रिटेन का पहला पुरुष
-ब्रिटेन के ग्लूसेस्टशायर में रहने वाले हैडन क्रॉस ने 16 जून को एक बच्ची को जन्म दिया। उसका नाम ट्रिनिटी लीफ रखा गया है।
-हैडन का जन्म एक लड़की के रूप में हुआ था। वह सेक्स चेंज करवाने के लिए हॉर्मोन थैरेपी ले रहा था। उसे ब्रिटेन में कानूनी तौर पर पुरुष का दर्जा मिल चुका है। इस तरह वह बच्चे को जन्म देने वाला, ब्रिटेन का पहला पुरुष बना है।
बचपन से ही लड़के की तरह था
-लड़की के रूप में हैडन का नाम पैगे था। उसकी परवरिश असामान्य परिस्थितियों में हुई। उसके पिता ड्रग लेते थे। पैगी बचपन में अपनी बहन की तरह गुड़िया से खेलने के बजाय अपने दो भाइयों के साथ फुटबॉल खेलना पसंद करती थी।
-18 वर्ष की होने के बाद उसने सेक्स चेंज करवाने के लिए हॉर्मोन थैरेपी लेना शुरू किया। इसके तहत पुरुष हॉर्मोन टेस्टोस्टेरॉन के डोज दिए जाते हैं।
-इस बीच पिछले साल सितंबर में उसने हॉर्मोन थैरेपी रोक दी। वह अपने बच्चे को जन्म देना चाहता था। तब तक उसे लीगल रूप से पुरुष का दर्जा और हैडन क्रॉस का नया नाम मिल चुका था।
इसलिए पैदा कर सका बच्चा
- हैडन (पैगे) के पुरुष में बदलने में सारी प्रक्रियाएं पूरी नहीं हुई थीं। उसके शरीर से सर्जरी के जरिए ओवरी और गर्भाशय को नहीं हटाया गया था, इसलिए वह गर्भधारण कर सकता था।
-उसे सिर्फ पुरुष के स्पर्म की जरूरत थी। इसके लिए हैडन ने फेसबुक पर खोज की। एक अनाम पुरुष इसके लिए राजी हो गया। उसने अपना वीर्य एक पॉट में रखकर हैडन को उसके घर जाकर सौंपा था।
विवादों में रही है प्रेग्नेंसी
-हैडन ने इस साल जनवरी में अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। इसके बाद से ब्रिटेन में बहस चल रही थी। बहुत सारे लोगों ने इसे प्रकृति की व्यवस्था से खिलवाड़ बताया। कई लोग उसके बच्चे के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंतित थे, क्योंकि उसका जन्म एक अनजान डोनर के स्पर्म से होने जा रहा था।
-पैगे के हैडन में बदलने के निर्णय से उसके परिवार वाले खुश नहीं थे। उसके अंकल का कहना है कि वह हमेशा से अपनी आइडेंटिटी को लेकर कन्फ्यूज्ड रही थी और अगर उसकी परवरिश सही ढंग से होती, तो यह नौबत नहीं आती। उसकी दादी कहती हैं कि वह उनके लिए हमेशा पैगे ही रहेगी।
हैडन की मां भी पांचवीं बार मां बनी है
-बहरहाल, इस मामले में एक दिलचस्प बात यह भी है कि हैडन द्वारा बच्ची को जन्म दिए जाने के दो दिन बाद उसकी मां ने भी अपने पांचवें बच्चे को जन्म दिया है। उसकी दादी कहती हैं कि एक साथ दादी और परदादी बनकर वे बहुत खुश हैं।


Post a Comment