गर्दन के आरपार हो गया था 5 फीट लंबा सरिया, एक समझदारी ने बचाई जान
राजधानी पटना के एक प्राइवेट हॉस्पिटल ने राधिका देवी नाम की एक महिला को नई जिंदगी दी। करीब 5 फीट लंबा सरिया महिला की गर्दन के आरपार हो गया था। उसकी सांसें तो चल रहीं थी, लेकिन शरीर से लगातार खून निकल रहा था। डॉक्टरों की टीम ने तीन घंटे तक ऑपरेशन कर महिला की जान बचाई।
मुजफ्फरपुर जिले के हांसा की रहने वाली राधिका देवी सोमवार को निर्माणाधीन घर के पास कुछ काम कर रही थी। पिलर के लिए लगाया गया सरिया खुले में था। इसी दौरान महिला अचानक उसी सरिये पर गिर गई। सरिया महिला के सीने की ओर से घुसा और गर्दन को चीरता हुआ दूसरी ओर निकल गया। सरिया में फंसी महिला ने किसी तरह चीखकर मदद की गुहार लगाई। महिला की आवाज सुन तुरंत आसपास के लोग जुट गए।
उदयन हॉस्पिटल के डॉक्टर अजय आलोक ने कहा कि महिला की जान बचाने में उसके घर के लोगों की समझदारी बड़ी काम आई। यह अच्छा हुआ कि उनलोगों ने खुद से सरिया निकालने की कोशिश नहीं की। परिजन महिला को सरिया के साथ सोमवार दोपहर को उदयन हॉस्पिटल लेकर आए। गर्दन में सरिया लगे रहने से शरीर से खून कम निकला। अगर वे खुद सरिया निकालते तो अधिक खून बहने से महिला की जान को खतरा हो सकता था।
हॉस्पिटल में पहले सरिया को काटकर छोटा किया गया। सरिया के साथ ही डॉक्टरों ने महिला का सिटी स्कैन किया, ताकि जान सकें कि उसके शरीर के कौन से अंग क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके बाद ईएनटी के डॉक्टर चंदन और जनरल सर्जन डॉ शिशिर ने महिला के गर्दन से सरिया निकाला। सरिया निकालने के बाद महिला के गर्दन को हुए नुकसान को ठीक किया गया। महिला की हालत अब स्थिर है। वह मिलने आए लोगों से बात कर रही है।

Post a Comment