रोहिंग्या मुस्लिमों पर ऐसी पोस्ट कर के फंस गई ब्यूटी क्वीन, छिन गया ताज
इस साल मिस ग्रांड म्यांमार का खिताब जीतने वाली 19 साल की श्वे इएन सी को फेसबुक पर रोहिंग्याओं से जुड़ा एक पोस्ट करना भारी पड़ गया। कुछ ही दिन पहले श्वे ने अपनी फेसबुक वॉल पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने रखाइन में फैले हिंसा और आतंक के लिए रोहिंग्या मुस्लिमों को जिम्मेदार ठहराया था। इसी के चलते ब्यूटी कॉन्टेस्ट के ऑर्गनाइजर्स ने श्वे से उनका खिताब वापस ले लिया।
- श्वे इएन सी ने पिछले हफ्ते अपने फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में श्वे ने रखाइन में फैली हिंसा के लिए रोहिंग्याओं को जिम्मेदार ठहराया था।
- वीडियो में श्वे ने अराकान रोहिंग्या साल्वेशन आर्मी पर मीडिया के सामने खुद को बेचारा दिखाने और दुनिया के सामने म्यांमार की गलत छवि पेश करने का आरोप भी लगाया था।
- इसी के चलते ब्यूटी कॉन्टेस्ट के ऑर्गनाइजर्स हैलो मैडम मीडिया ग्रुप ने रविवार को श्वे से मिस म्यांमार का ताज वापस लेन की घोषणा कर दी।
- कंपनी का कहना है कि श्वे का व्यवहार बिल्कुल भी एक रोल-मॉडल की तरह नहीं था। हालांकि, कंपनी ने ये कहकर बचने की कोशिश की श्वे से खिताब छिनने की वजह उनका पोस्ट किया गया वीडियो नहीं है।
रखाइन में ताजा तनाव 25 अगस्त को शुरू हुआ, जब रोहिंग्या ने कथित तौर पर पुलिस की एक पोस्ट पर हमला किया, जिसके जवाब में सैन्य कार्रवाई हुई।
- कार्रवाई का असर ये हुआ कि रोहिंग्या मुसलमानों ने देश छोड़ कर बांग्लादेश और दूसरे देशों का रुख करना शुरू कर दिया।
- पलायन करने वालों ने इसकी वजह सेना की कार्रवाई और रखाइन के बौद्धों का उनके गांवों पर हमले को बताया, जिसके डर से वे गांव छोड़ने पर मजबूर हुए।
- हालांकि, इस बारे में सेना का कहना है कि रोहिंग्या मुस्लिम उन पर हमले कर रहे हैं और वो उसके खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं।

Post a Comment