6GB रैम और शानदार कैमरे के साथ लॉन्च हुआ Nokia 7, इतनी है कीमत
नोकिया ब्रांड के स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी HMD ग्लोबल ने नया मोबाइल फोन नोकिया 7 लॉन्च किया है। यह फोन अभी चीन में ही लॉन्च किया गया है। नोकिया 7 को कंपनी के फ्लैगशिप एंड्रॉइड फोन नोकिया 8 का सस्ता अवतार कहा जा रहा है। कंपनी ने इसके रैम आधारित दो वेरिएंट 4GB और 6GB पेश किए हैं।
नोकिया 7 एक मिड रेंज फोन है। कंपनी ने अभी आधिकारिक तौर पर इसकी कीमत घोषित नहीं की है। हालांकि कहा जा रहा है कि 4GB रैम वाले फोन की कीमत 2,499 युआन (करीब 25000 रुपए) और 6GB रैम वाले वेरिएंट की कीमत 2,699 युआन ( करीब 26500 रुपए) रखी जा सकती है।
- 4GB/6GB रैम के साथ ही नोकिया 7 में शानदार कैमरा दिया गया है। इसमें 16 मेगापिक्सल के साथ F/1.8 अपर्चर और डुअल टोन फ्लैश वाला रियर कैमरा है। फ्रंट पैनल पर F/2.0 अपर्चर वाला 5 मेगापिक्सल का 84 डिग्री वाइड ऐंगल कैमरा है।
- इस फोन में भी डुअल साइट फीचर यानी Bothie mode की सुविधा मिलेगी। इस फीचर की मदद से आप एक वक्त पर फ्रंट और रियर कैमरे से एक साथ तस्वीरें व वीडियो कैप्चर कर सकते हैं।
नोकिया 7 में 5.2 इंच का फुल-एचडी (1920 x 1080 पिक्सल) आईपीएस डिस्प्ले है। इस पर कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 3 की प्रोटेक्शन मौजूद है।
हैंडसेट में ऑक्टा-कोर क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 630 प्रोसेसर दिया गया है। इनबिल्ट स्टोरेज 64 जीबी है। इसमें 128 जीबी तक का माइक्रोएसडी कार्ड लगाया जा सकता है।
एंड्रॉइड 7.1.1 नोगट पर चलने वाला यह डुअल सिम फोन हाइब्रिड सिम स्लॉट के साथ आया है। इसका मतलब है कि यूजर एक वक्त में दो सिम कार्ड या फिर एक सिम और एक माइक्रोएसडी कार्ड का इस्तेमाल कर सकता है।
कनेक्टिविटी फीचर में ब्लूटूथ 5.0, जीपीएस/ए-जीपीएस, ग्लोनास, वाई-फाई 802.11 ए/बी/जी/एन/एसी और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट शामिल हैं। प्रॉक्सिमिटि सेंसर, एक्सेलेरोमीटर, इलेक्ट्रॉनिक कंपास, जायरोस्कोप, फिंगरप्रिंट सेंसर, हॉल सेंसर और एनएफसी इस हैंडसेट का हिस्सा हैं।

Post a Comment