जीजा की हत्या कर प्रेग्नेंट बहन का पेट कुचला था पत्थर से, अब आया नया मोड़
गंगादेवी नगर में दो साल पहले हुए हेमेंद्र डोंगरे ऑनर किलिंग की घटना के मामले में एक नया मोड़ आया है। केस की सबसे अहम गवाह पत्नी अर्चना के बयान से पलटने के बाद सीसीटीवी फुटेज पर अभियोजन पक्ष की उम्मीद थी, लेकिन कैमरे के डीवीआर की जांच में कोई दृश्य दिखाई नहीं दे रहा है। जांच एजेंसी के मुताबिक डीवीआर पानी में फेंकने के कारण फुटेज खराब हो गए हैं। यह फुटेज घटना को साबित करने के लिए अहम साक्ष्य था।
गंगादेवी नगर निवासी नगर निगम अधिकारी परसराम आरोलिया की बेटी अर्चना ने परिवार की मर्जी के खिलाफ हेमेंद्र डोंगरे से लव मैरिज की थी। उसके बाद अगस्त 2015 में रक्षाबंधन के दिन अर्चना को मायके वालों ने सब कुछ भुलाकर राखी बांधने बुलाया था। जैसे ही अर्चना पति हेमेंद्र के साथ राखी बांधने मायके पहुंची तो परिजनों ने उस पर व उसके पति पर हमला कर दिया। अर्चना के दुपट्टे से ही उसके पति का गला कस दिया।
- हेमेंद्र की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी और अर्चना घायल हो गई थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में अर्चना के पिता आरोलिया, मां विमला बाई, चाचा गरसिंह व भाई राजेंद्र को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने जांच के दौरान परसराम के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज जब्त किए थे। कैमरे के डीवीआर को बाद में पानी की टंकी से जब्त किया था।
- जिला लोक अभियोजक विमलकुमार मिश्रा के मुताबिक पुलिस ने साक्ष्यों में सीटीटीवी कैमरे के फुटेज को भी शामिल किया था। फुटेज को जांच के लिए हैदराबाद भेजा था। उसकी रिपोर्ट आ चुकी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि डीवीआर गीली हो गई थी, इसलिए खराब होने से जांच में कोई दृश्य दिखाई नहीं दिए।
प्रकरण में 10 गवाहों के बयान हो चुके हैं, इसमें सबसे अहम गवाह अर्चना माता-पिता और मायके वालों को बचाने के लिए कोर्ट में अपनी बात से पलट चुकी है। उसने बयान में कहा है कि वह पति के साथ जा रही तब एक बाइक सवार से टक्कर होने से विवाद हुआ था और अज्ञात बाइक वालों की मारपीट से उसके पति की मृत्यु हो गई। दूसरा अहम गवाह मृतक के चाचा मुकेश ने भी बयान पलटते हुए कहा कि दुर्घटना में उसके भतीजे की मौत हुई। ऐसे में सीसीटीवी कैमरे के फुटेज अहम थे।
- बता दें कि पुलिस ने हत्या के आरोप में अर्चना के पिता परसराम, मां विमला, चाचा गरसिंह, भाई शैलेंद्र, चचेरे भाई हरिसिंह को गिरफ्तार किया था। इनमें विमला की जमानत हो गई है। बाकी आरोपी जेल में हैं।


Post a Comment