अब आगरा में पटरी से उतरे ट्रेन के 2 डिब्बे, किसी को नहीं आई चोट
देश भर में पिछले कुछ दिनों से ट्रेन हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। आगरा कैंटोनमेंट रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक और ट्रेन डीरेल हो गई।
यहां आगरा-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन के 2 डिब्बे पटरी से उतर गए। गनीमत रही कि इस हादसे के वक्त कोई भी यात्री ट्रेन में सवार नहीं था। इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई।
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 4 बजे घटी। रेल अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन खाली थी और सफाई के लिए यार्ड की तरफ जा रही थी।
इसी दौरान उसके दो डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि, इससे ट्रेन यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा, क्योंकि ट्रेन यार्ड की तरफ जाने वाले ट्रैक पर थी।
आपको बता दें कि पिछले करीब एक महीने के दौरान ट्रेन के पटरी से उतरने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले महीने 19 अगस्त को तेज गति वाली कलिंग-उत्कल पुरी हरिद्वार एक्सप्रेस मुजफ्फरनगर में पटरी से उतर गई थी।
इस हादसे में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हो गए थे। इसके बाद सात सितंबर को उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली में 3 रेल हादसे की घटना सामने आई थी। दिल्ली में हुई दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ था।


Post a Comment