ये उल्टा काम करके दिख सकते हैं जवान, इजरायली साइंटिस्ट ने बताया
यह कहा जाता है कि अच्छा दिखना है, लोगों का प्रिय बनना है, तो हरदम मुस्कराते रहें। यही वजह है कि दुनियाभर के फोटोग्राफर फोटो खींचने से पहले मुस्कराने के लिए कहते हैं। लेकिन कैसा लगेगा, जब यह पता लगे कि होता उल्टा है। मुस्कराने के चलते तो आपकी उम्र ज्यादा लगने लगती है। इस पर एकबारगी यकीन नहीं होता। लेकिन एक इजरायली यूनवर्सिटी में हुई स्टडी से पता चला है कि चेहरे पर मुस्कान होने से वह ज्यादा बूढ़ा नजर आता है- कम से कम फोटो में तो ऐसा ही लगता है। यह है स्टडी
-इजरायल की बेन गुरिओन यूनिवर्सिटी ऑफ नेगेव में पिछले दिनों हुई स्टडी से पता चला है कि मुस्कान आपको ज्यादा बूढ़ा दिखाती है। यह निष्कर्ष हमारी अब तक की धारणा के बिल्कुल विपरीत है, जो कहती है कि अच्छा दिखने के लिए मुस्कराइए।
-इस स्टडी के तहत पार्टिसिपेंट्स को बहुत सारी तस्वीरें दिखाई गईं। इन तस्वीरों में हंसते चेहरे, भावहीन चेहरे और हैरान चेहरे थे। तीनों तरह के चेहरों को अलग-अलग आयु वर्ग के हिसाब से बांटा गया था। यानी एक ही आयु के लोगों की तस्वीरें एक साथ रखी गई थीं।
-पार्टिसिपेंट्स से कहा गया कि इन चेहरों को रेट दें। वैज्ञानिकों को यह देखकर हैरानी हुई कि लोगों ने मुस्कान वाले चेहरों को उनकी वास्तविक से ज्यादा उम्र का बताया, जबकि हैरान चेहरों को कम उम्र का।
-यहां तक कि जो पार्टिसिपेंट खुद मानते थे कि मुस्कान युवा दिखने में मदद करती है, उन्होंने भी जब चेहरों पर गौर किया, तो मुस्कराते चेहरों को ज्यादा बूढ़ा बताया।
साइंटिस्ट्स का कहना है कि मुस्कराते वक्त चेहरे पर कई तरह की छोटी-बड़ी लकीरें पड़ती हैं, जो झुर्रियों की तरह नजर आती हैं। यही वजह है कि मुस्कराता चेहरे को कोई अनजान आदमी देखे, तो वह उसे ज्यादा उम्र का लगता है। दूसरी तरफ, हैरानी की अवस्था में चेहरे की मांसपेशियां थोड़ी सिकुड़ती हैं, जिसके चलते उसमें कसावट आती है और वह अपेक्षाकृत जवां दिखता है। यही वजह है कि विज्ञापनों में कई पुरुष मॉडलों के चेहरों पर सरप्राइज्ड जैसे भाव नजर आते हैं।
बहरहाल, यह सिर्फ युवा दिखने की बात है। इस स्टडी के निष्कर्ष से मुस्कान के फायदों पर कोई फर्क नहीं पड़ता है। मुस्कान आपकी सेहत, आपके सामाजिक जीवन और आपके आसपास के माहौल के लिए बहुत अच्छी है। इसलिए निश्चिंत होकर मुस्कराइए। हां, फोटो खिंचाते वक्त चाहें, तो न मुस्कराएं।


Post a Comment