Header Ads

मां को रूम में बंद कर सिपाही पिता को मारी गोली, बेटे को चुभ रही थी वो बात


यूपी के इलाहाबाद में एक बेटे ने पिता को माथे पर सटाकर गोली मार दी। इसके बाद करीब 36 घंटे तक लाश कमरे में ही पड़ी रही।

क्लास 10th में पढ़ने वाले स्टूडेंट को उनके सिपाही पिता ने पढ़ने के लिए डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने उन्हें गोली मार दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मामला धूमनगंज थाना के ट्रांसपोर्टनगर का है।

सिपाही ने 20 साल पहले की थी लव मैरिज

- कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के रहने वाले मोती सिंह पाल (45) सिपाही थे। वर्तमान में वो भदोही जिले में एसपी कार्यालय के रिट सेल में पोस्टेड थे।

- वो पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे, बड़े भाई की दो महीने पहले मौत हो गई है। उन्होंने अनीता पाल के साथ 20 साल पहले लव मैरिज की थी।

- शादी के बाद उन्होंने धूमनगंज इलाके में मुंडेरा भूसा वाली गली में मकान बनाया था। वहीं पर पत्नी अनीता पाल, बेटी दिव्या पाल और बेटे प्रिंस के साथ रहती थीं। मोती सिंह भी छुट्टी लेकर आते-जाते रहते थे।

बेटे को इंजीनियर बनाना चाहता था सिपाही

- उनकी बेटी दिव्या पाल इस बार 11वीं क्लास पास करके 12वीं में पढ़ रही हैं। प्रिंस ने पब्लिक स्कूल से हाईस्कूल का एग्जाम पास किया है।

- मोती सिंह की इच्छा थी कि उनका बेटा प्रिंस इंजीनियर बने। इसलिए उसे मैथ सब्जेक्ट पर ज्यादा ध्यान देने का दबाव बनाते थे।

- लेकिन उसका मैथ सब्जेक्ट से कोई लगाव कभी नहीं रहा। इस बात को लेकर आए दिन वो बेटे-पत्नी को डांटते थे। शनिवार 5 अगस्त की सुबह मोती सिंह छुट्टी पर घर आए थे।

कमरे में पड़ी थी लाश, लॉबी में पत्नी बच्चे खा रहे थे खाना

- रविवार की रात में 9 बजे उनके छोटे भाई रामचंद्र ने उन्हें फोन किया। उनका फोन नहीं उठा तो उन्होंने बड़े भाई के बेटे राजेश को उनके घर भेजा।

- वहां पहुंचने पर उसने देखा कि चाची-उनके दोनों बच्चे खाना खा रहे थे। उसने चाचा के बारे में पूछा तो पहले तो टालने की कोशिश की।

- फिर चाची अनीता रोने-पीटने लगी और बताया, प्रिंस ने उन्हें गोली मार दी। उनकी मौत हो गई है, ये सुनकर भतीजा शॉक्ड हो गया। अंदर कमरे में उनकी लाश भी बेड पर पड़ी हुई थी।

- उसने रात 11.30 बजे तत्काल डायल 100 को सूचना दी। सिपाही के हत्या की सूचना पर एसएसपी समेत तमाम अफसर मौके पर पहुंचे। लाश को रात में ही पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया गया।

बेटे ने कुबूला जुर्म, पिता की ही लाईसेंसी रिवाल्वर से मारी गोली

- पुलिस ने सोमवार को मां अनीता पाल और बहन दिव्या पाल को भी उठा लिया। तीनों से पूछताछ की गई। देर शाम होते-होते प्रिंस टूट गया और उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में यूज की गई पिस्टल भी बरामद की गई।

- प्रिंस की मुताबिक, पापा जैसे ही घर आए तो मां को मेरी पढ़ाई के लिए डांटने लगे। इतना ही नहीं उन्होंने मां को मारा भी।

- उन्होंने कहा- अगर इस बार मैथ में नंबर कम आए तो ठीक नहीं होगा। जब भी वो घर आते थे, दारू पीकर हंगामा करते थे। कई बार दोस्तों के सामने मुझे जलील कर चुके थे।

- शनिवार की फटकार के बाद से प्रिंस बहुत गुस्से में था। उसने पापा के कमरे में सोने के बाद उनकी लाइसेसी रिवॉल्वर निकाली। सीधे कमरे में गया और सो रहे पिता के माथे पर सटाकर गोली मार दी। इस दौरान उसने मां-बहन को ऊपर के कमरे में बंद कर दिया था।

बाप ने दर्ज कराई बहू-पोते के खिलाफ रिपोर्ट

- मोती सिंह के पिता रामप्रसाद पाल ने सोमवार को प्रिंस-अनीता के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने प्रिंस पर 302 और अनीता पर 201 आईपीसी केस फाइल किया है।

- एफआईआर भले मां-बेटे पर ही है, लेकिन पुलिस ने बेटी को भी हिरासत में लिया है। अभी पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

क्या कहती है पुलिस ?

- इस घटना की जांच कर रहे इंस्पेक्टर एके त्यागी को कहानी में थ्रिलर नजर आ रहा है। इंस्पेक्टर के मुताबिक, 17 साल का एक लड़का पिता की हत्या कर देता है।

- फिर मां-बहन को दूसरे तल के कमरे में ले जाकर बंधक बनाए रखता है। घटना के 30-35 घंटे गुजर जाते हैं और किसी को सूचना तक नहीं दी जाती।

- तीसरा एक शक ये भी है कि हत्या के बाद सिपाही के कपड़े चेंज किए गए थे। ये बिंदु पत्नी और बच्चों के अलावा भी किसी के इन्वाल्व होने का शक जाहिर करते है।