Header Ads

'पहरेदार पिया की' के रतन बोले- 'दीया बहुत क्यूट हैं'


पहरेदार पिया की में रतन सिंह का किरदार निभाने वाले अफान जमील खान 10 साल के हैं।

सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर आ रहे 'पहरेदार पिया की' में रतन सिंह का किरदार निभाने वाले अफान जमील खान 10 साल के हैं। शो में इन्हें 18 साल की लड़की दीया से प्यार हो जाता है, जिससे इनकी शादी भी हो जाती है। इनसे जानना चाहा कि यह सीरियल उन्हें कैसे ऑफर हुआ, इसमें काम करके वो कैसा महसूस कर रहे हैं और दीया के साथ काम का अनुभव कैसा रहा। ऐसे ही कई और सवाल-जवाब।पेश है बातचीत के कुछ अंश...


1. अफान सोनी चैनल पर टेलिकास्ट हो रहे सीरियल 'पहरेदार पिया की' में आप लीड रोल में हैं? कैसा लग रहा है?

बहुत खुशी हो रही है, क्योंकि मैं बहुत छोटा हूं और अभी मेरी शुरुआत ही है। मुझे अच्छा रोल मिला है, लेकिन एक तकलीफ भी है। इस शो में मुझे जैसी ड्रेस पहननी होती है, वो बहुत चुभती है और उसमें गर्मी भी बहुत होती है। लेकिन क्या करें, राजकुमार की ड्रेस है तो थोड़ा तो सहन करना ही पड़ेगा, अगर अच्छा काम करना है तो।

2. आपको इस सीरियल में काम करने का चांस कैसा मिला?

एक्चुअली मैं इससे पहले सोनी का सीरियल 'बेहद' कर रहा था। इसमें मैं लीड एक्टर कुशाल टंडन के बचपन के रोल में नजर आया हूं। जब सोनी के लिए सीरियल 'पहरेदार पिया की' का सिलेक्शन हो रहा था, तो इस सीरियल के कास्टिंग डायरेक्टर ने 'बेहद' में मेरा काम देखा था। उनको मेरा काम अच्छा लगा था, इसलिए उन्होंने मुझे ऑडिशन के लिए बुलाया। मेरा ऑडिशन हुआ तो उनको मेरा काम पसंद आया और मेरा 'पहरेदार पिया में' सिलेक्शन हो गया।

3. 'पहरेदार पिया की' में आपकी पहरेदार दीया के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?

दीया बहुत क्यूट हैं और मेरी बेस्ट फ्रेंड भी हैं। मुझे उनके साथ काम करने में बहुत मजा आ रहा है। एक बार तो हम दोनों इतना गेम्स खेल रहे थे कि डायरेक्टर ने ब्रेक कर दिया। हम दोनों को गेम्स में इतना मजा आ रहा था कि हम दो मिनट-दो मिनट बोलकर गेम्स खेलने चले जाते थे। इस चक्कर में इतना लंबा ब्रेक हो गया कि सर ने लंच ब्रेक ही कर दिया।

4. आप क्या बचपन से ही एक्टर बनना चाहते थे या कुछ और बनने का इरादा था?

मैं तो साइंटिस्ट बनना चाहता था। बायोलॉजी में मैं बॉडी पार्ट्स पर रिर्सच करना चाहता था, लेकिन बाद में मुझे लगा कि मैं एक्टर बनूं। एक्चुअली मेरे डैड की इच्छा थी कि मैं एक्टर बनूं और उनका सपना पूरा करूं। मेरे डैड को एक्टिंग में दिलचस्पी थी, लेकिन वो पूरी नहीं हो पाई। जब मैं पैदा हुआ था तो वहां जो डाक्टर थे, उन्होंने मुझे देखते ही कहा कि मैं शाहरुख खान को 20-25 साल बाद रिप्लेस करने वाला हूं। मेरे गाल में भी दो डिम्पल पड़ते हैं ना इसलिए। उसके बाद मम्मी-डैडी की यही इच्छा थी कि मैं एक्टर बनू तो मैं एक्टर बन गया।

5. तो फिर बड़े होकर आप शाहरुख खान बनना चाहते हो या सलमान खान?

मैं तो आफान खान बनना चाहता हूं। इन एक्टर्स की तरह खूब मेहनत करके मैं भी एक अच्छा एक्टर बनना चाहता हूं। मैंने सोचा है कि जब मैं बड़ा हो जाऊंगा तो शाहरुख और सलमान की तरह मैं जिम जा कर बॉडी बनाऊंगा और अपने सारे डायलॉग अच्छे से याद करूंगा, ताकि मैं बढ़िया एक्टिंग कर सकूं। मुझे एक्शन और कॉमेडी रोल करना बहुत पसंद है, इसलिए मुझे चांस मिला तो मैं वही करना चाहूंगा।

6. आपके फेवरेट कॉमेडियन कौन हैं?

मुझे परेश रावल की कॉमेडी बहुत अच्छी लगती है। मैं उनकी हर फिल्म देखता हूं। मुझे उनकी कॉमेडी देखकर बहुत मजा आता है।

7. एक्टिंग फील्ड में आपकी शुरुआत कैसे हुई?

मैंने अब तक 60 ऐड किए हैं। पहला ऐड मैंने तब किया था, जब मैं सेकंड क्लास में था और शायद पांच साल का था। उस ऐड की शूटिंग के लिए हम पुणे गए थे। पता ही नहीं, पूरा दिन कैसे बीत गया था। मैंने इस तरह पहले ऐड की शूटिंग की। उसके बाद मुझे ऐड मिलते गए, जैसे वेगनार, अमूल, डेटॉल आदि मैंने कई सारे ऐड किए। उसके बाद मुझे सीरियल 'बेहद' में काम करने का मौका मिला और बाद में 'पहरेदार पिया की' मिल गया।

8. आप एक्टिंग में बिजी रहते हो तो पढ़ाई का नुकसान नहीं होता है?

नहीं, बिल्कुल नहीं। मैं अपनी पढ़ाई पूरी कर लेता हूं। अभी मैं पांचवीं क्लास में हूं। मैं स्कूल नहीं जा पाता, तो घर पर होमवर्क कर लेता हूं। मैं अपनी पढ़ाई बिल्कुल मिस नहीं करता हूं।

9. आप फेमस एक्टर हो तो स्कूल में तो आपको बहुत इम्पॉर्टेंस मिलती होगी? क्या आपके बहुत सारे दोस्त हैं या आप किसी स्टार की तरह अलग-थलग रहते हैं ?

नहीं, मैं सबके साथ मिलजुल कर रहता हू। मैं स्कूल में एक स्टूडेंट हूं और बच्चों की तरह। हमारी प्रिंसीपल मैम सबके साथ एक जैसा व्यवहार करती हैं। उनकी नजर में कोई छोटा या बड़ा नहीं है। मेरे बहुत सारे दोस्त भी हैं, लेकिन मेरा एक बेस्ट फ्रेेंड है सिड बोस। उसके साथ मुझे बहुत मजा आता था, लेकिन अब वो स्कूल छोड़कर उमान चला गया हैं। मैं उसे बहुत मिस करता हूं। मुझे उसके साथ बहुत मजा आता था। मेरी दो गर्लफ्रेंड भी है ध्याना और प्रसन्ना। उनके साथ भी मुझे बहुत अच्छा लगता है। मैं उनके साथ सब बातें शेयर करता हूं।

10. आपके मम्मी-डैडी में से आपको सबसे ज्यादा कौन पसंद हैं? अगर आपको कभी मौका मिला तो आप अपने मॉम-डैड को कहां घूमाने लेकर जाना चाहोगे?
मुझे मॉम और डैड दोनों ही बहुत पंसद हैं। मैंने दोनों से बहुत प्यार करता हूं। मुझे अगर कभी मौका मिला तो मैं अपने मॉम-डैड को दुबई घूमाने लेकर जाना चाहूंगा, क्योंकि मेरी मॉम को दुबई बहुत पसंद है।

11. आपको एक्टिंग के अलावा और किस चीज में दिलचस्पी है?

मुझे स्पोर्ट्स में बहुत दिलचस्पी है। पहले मैं अपने दोस्तों के साथ फुटबाल और वॉलीबॉल खेला करता था, लेकिन अब मुझे बेस बॉल गेम खेलना बहुत पंसद है। बाहर के देशों में ये खेल बहुत खेला जाता है, लेकिन हमारे देश में ये खेल कम खेला जाता है। मुझे ये गेम बहुत पसंद है।