जब मुसीबत में फंसे रजनीकांत के दामाद, इस कपल ने बताया था भागा हुआ बेटा
फिल्म रांझणा से धमाल मचाने वाले धनुष की शादी रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या के साथ 2004 में हुई थी।
साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत के दामाद धनुष 34 साल के हो चुके हैं। बॉलीवुड में अपनी डेब्यू फिल्म 'रांझणा' से धमाल मचाने वाले धनुष की शादी रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या के साथ 2004 में हुई थी। नवंबर, 2016 में धनुष उस वक्त मुसीबत में फंस गए थे, जब तमिलनाडु के रहने वाले एक बुजुर्ग कपल ने उन्हें अपना बायोलॉजिकल बेटा बताते हुए कोर्ट में पिटीशन फाइल कर दी थी। धनुष को लेकर कपल ने किया था ये दावा...
- मेलूर के रहने वाले काथीरेसन और उनकी पत्नी ने कोर्ट में दायर पिटीशन में दावा किया था कि धनुष उनके बेटे हैं।
- रिपोर्ट्स के मुताबिक, कपल ने धनुष के बचपन का एक फोटो और बर्थ सर्टिफिकेट सबूत के तौर पर दिखाते हुए उन्हें अपना बेटा बताया था।
- कपल ने कहा था, हमने उसका नाम कलैचेलवान (Kalaichelvan) रखा था। जब उसने दसवीं की परीक्षा पास कर ली तो 11वीं के लिए हमने उसका एडमिशन शिवगंगा जिले के स्कूल में करा दिया।
- लेकिन पढ़ाई ड्रॉप कर वह चेन्नई चला गया और अपना नाम बदलकर धनुष के राजा रख फिल्मों में आ गया। कपल ने अब धनुष से हर महीने 65 हजार रुपए बतौर मेंटेनेंस चार्ज की भी डिमांड की थी।
इंटरनेट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, 34 साल के धनुष का असली नाम वेंकटेश प्रभु है। साउथ इंडियन फिल्मों के लिए तीन बार नेशनल और 7 बाद फिल्मफेयर अवॉर्ड जीत चुके धनुष ने 2004 में सुपरस्टार रजनीकांत की बड़ी बेटी ऐश्वर्या से शादी की। अब वे दो बेटों यात्रा और लिंगा के पिता है। जहां तक पढ़ाई की बात है तो इंटरनेट पर उनके स्कूल का नाम थाई साथिया मैट्रिकुलेशन स्कूल है। धनुष 2012 से लगातार साउथ इंडियन फिल्मों में काम कर रहे हैं। बॉलीवुड में वे 'रांझणा' और 'षमिताभ' में काम कर चुके हैं।
रजनीकांत के दामाद धनुष भले ही 10वीं पास हों, लेकिन वे साउथ फिल्मों के सुपरस्टार हैं और तकरीबन 64 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। बता दें कि धनुष की अपकमिंग फिल्म 'वीआईपी-2' है, जिसमें वे काजोल के साथ स्क्रीन पर नजर आएंगे।
धनुष के पास Audi A8, जैसी लग्जरी कारें हैं।
- इसके अलावा धनुष के पास पम्मल, चेन्नई में आलीशान बंगला है। इस बंगले की कीमत तकरीबन 18 करोड़ रुपए है। ये घर उन्होंने 2013 में खरीदा है। इसके अलावा उनके पास एक गेस्ट हाउस भी है।
एक फिल्म के 7 से 10 करोड़ लेते हैं धनुष...
- धनुष एक फिल्म के लिए 7 से 10 करोड़ रुपए चार्ज करते हैं। इसके अलावा वे अन्य एंडोर्समेंट से भी कमाई करते हैं। वे पेटा (पीपुल्स फॉर एथिकल ट्रीटमेंट्स ऑफ एनिमल) से भी जुड़े हैं।
धनुष ने मात्र 19 साल की उम्र में 2002 में आई फिल्म 'थुल्लुवधो ल्लामई' से डेब्यू किया था। इस फिल्म के डायरेक्टर धनुष के पिता कस्तूरी राजा थे। ये फिल्म हिट रही थी। इस फिल्म के बाद उन्होंने अपने भाई सेल्वाराघवन की फिल्म 'काढल कोन्देन' (2003) में काम किया, जो सुपरहिट साबित हुई थी। अभी तक उन्होंने 25 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। उन्होंने 'तिरुडा तिरुडी' (2003), 'देवाथायई कन्देन' (2004), 'पोल्लाधवन' (2007), 'मरयां' (2013), 'नैयांदी' (2013) सहित अन्य फिल्मों में काम किया है। वे 2013 में आई बॉलीवुड फिल्म 'रांझणा' और 2015 की 'षमिताभ' में भी नजर आए हैं।
मार्च, 2017 में सिंगर और फेमस TV होस्ट सुचित्रा कार्तिक के सोशल मीडिया अकाउंट से साउथ फिल्म स्टार्स की प्राइवेट फोटोज शेयर की गई थीं। इनमें धनुष के अलावा हंसिका मोटवानी, अनिरुद्ध रविचंदर, त्रिशा कृष्णन, दिव्यदर्शिनी, एंड्रिया और लीलई के फोटो भी शामिल थे। हालांकि इस मामले में सुचित्रा के पति कार्तिक कुमार का कहना था कि उनका अकाउंट हैक किया गया है। बता दें कि इस घटना से पहले सुचित्रा कार्तिक ने आरोप लगाया था कि धनुष और उनकी आईटी टीम ने उनका ट्विटर हैंडल हैक कर लिया है। इस आरोप के कुछ दिन बाद ही प्राइवेट फोटोज लीक होने का मामला सामने आया था।
धनुष के मुताबिक, रजनीकांत बेहद बिजी इंसान हैं। रजनी सर ने कभी मेरी मदद नहीं की है और मैं भी कभी हेल्प के लिए उनके पास नहीं गया। मेरी एक्टिंग अलग है, मेरा स्टाइल अलग है। इसके साथ ही मेरी फिल्मों की च्वॉइस भी अलग है। जब भी हम मिलते हैं, कभी भी अपने काम के बारे में बात नहीं करते हैं।
एलबम 'व्हाई दिस कोलावेरी डी' ने धनुष को पॉपुलर बना दिया। रातोंरात प्रसिद्धि दिलाने वाले इस गाने को सीएनएन की तरफ से 'टॉप सॉन्ग ऑफ 2011' घोषित किया गया था। इसके अलावा धनुष अपने बैनर 'वंडरबार फिल्म्स' के तले फिल्में भी प्रोड्यूस करते हैं। उन्होंने अपना म्यूजिक लेबल बंडरबार स्टूडियोज भी लॉन्च किया है। कोलावेरी डी को यूट्यूब पर 100 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले थे।


Post a Comment