Header Ads

देखने में बेहद खूबसूरत, लेकिन जानलेवा हैं ये 10 फ्लॉवर्स


जैसे हर सुंदरता अच्छी नहीं होती, वैसे ही बहुत सारे फूल सुंदर होने के बावजूद घातक हो सकते हैं।

फूलों को सुंदरता का प्रतीक माना जाता है। फूल किसी के प्रति अपनी श्रद्धा और प्यार जताने का जरिया होते हैं। सम्मानीय लोगों को फूलों की माला पहनाई जाती है, तो आईलवयू कहने के लिए फूल दिया जाता है। लेकिन जैसे हर सुंदरता अच्छी नहीं होती, वैसे ही बहुत सारे फूल सुंदर होने के बावजूद घातक हो सकते हैं। ये हैं जहरीले फूल। इनमें से कुछ में विषैले तत्व इतने ज्यादा होते हैं कि इंसान की जान भी ले सकते हैं। हम आपको बता रहे हैं 10 खूबसूरत, लेकिन जहरीले फूलों के बारे में।

 ओलिएंडर

ओलिएंडर को हिंदी में कनेर कहते हैं। इसमें कार्डेनोलाइड ग्लासेकोसाइड्स नामक जहर होता है। इस फूल को खाना, यहां तक कि चबाना भी घातक होता है। यह भी कहा जाता है कि कनेर की लकड़ियों का इस्तेमाल खाना पकाने में नहीं करना चाहिए, क्याेंकि इसका धुआं भी जहरीला होता है, जो सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है।

व्हाइट बनबेरी

इसे डॉल्स आई भी कहते हैं। इसके पौधे में ऐसे फूल लगते हैं, जिनमें आंख जैसी संरचना होती है। बाद में ये फूल बेरी में बदल जाते हैं। उत्तर अमेरिका में पाई जाने वाली इस झाड़ी का हर हिस्सा जहरीला होता है और बेरी सबसे ज्यादा नुकसान करती है। यह इंसानों और जानवरों, दोनों के लिए घातक है।

डेडली नाइटशेड

इसे बेलाडोना भी कहते हैं। इसका निकनेम डेविल्स बेरीज है। इसके पूरे पौधे में ट्रोपेन एल्केलॉइड्स नामक जहर मिलता है। इसे खाने पर चेतनहीनता, मतिभ्रम, सांस में तकलीफ और मरोड़ जैसे प्रभाव होते हैं।

एंजेल्स ट्रम्पेट्स

जैसा कि नाम है, यह फूल तुरही की आकृति का होता है और घंटी की तरह उल्टा लटका रहता है। यह मूल रूप से दक्षिण अमेरिका में पाया जाता है। इसमें स्कोपोलामाइन और एट्रोपाइन नामक जहर पाए जाते हैं। कम मात्रा में इसका इस्तेमाल एक तरह की हर्बल टी बनाने में होता है, जिसे पीने पर हल्का मतिभ्रम होता है। यानी एक तरह से नशा। इस फूल की ज्यादा मात्रा निगलने से मौत भी हो सकती है।

डेथ कैमास

यह लिली फैमिली का फूल है। लिली की स्पिशीज बागीचों में लगाए जाने के लिए काफी पसंद की जाती हैं, लेकिन डेथ कैमास को लगाना घातक हो सकता है। यह इंसानों के लिए नुकसानदेह होता है, लेकिन आमतौर पर इससे मौत नहीं होती। लेकिन यह चौपाये पशुओं को मार भी सकता है।

फॉक्सग्लोव

पहले इसे सजावट के लिए बहुत अच्छा फूल माना जाता था, लेकिन अब इसका शुमार जंगली घास में होता है, क्योंकि यह जंगली इलाकों में बड़ी तेजी से बढ़ता है। इस फूल का हर हिस्सा जहरीला होता है। यह दिल की मसल्स पर असर करता है। गलती से इसका सेवन कर लिए जाने पर धड़कनों में अनियमितता, सिरदर्द, उल्टी और मौत तक हो सकती है।

ओपियम पॉपी

यह है अफीम का फूल। अफीम कितना नशीला और घातक होता है, इसके बारे में शायद ही किसी को संदेह हो। अफीम से बनने वाले नशे से ह साल दुनियाभर में हजारों लोगों की मौत हो जाती है।

पॉइजन हेमलॉक

इस फूल के बारे में काफी पहले से जानकारी है। कहते हैं कि सुकरात को जो विष का प्याला पीना पड़ा था, उसमें हेमलॉक का ही जहर था। इसके असर से पेटदर्द, उबकाई और उल्टी होती है। ज्यादा मात्रा में ले लिए जाने पर पैरालिसिस और मौत भी हो सकती है। इसमें कोनीन नामक जहर होता है।

व्हाइट स्नेक रूट

कहा जाता है कि अमेरिकी राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन की मां की मौत इसी फूल के कारण हुई थी। जानवर यदि एक बार में इसकी ज्यादा मात्रा खा जाएं, तो उनकी मौत हो जाती है। यही नहीं, वे थोड़ी-थोड़ी मात्रा में इसे खाते रहें, तो भी इसका प्रभाव मारक होता है। यहां तक कि इसे खाने वाली गायों का दूध पीने से इंसानों पर भी बुरा असर पड़ता है।

वुल्फ्सबेन

इसका निकनेम डेविल्स हेलमेट है। इस पर्पल फ्लॉवर में इंसान और चौपाये, दोनों को मारने लायक जहर होता है। इसके नाम में वुल्फ (भेड़िया) इसके घातक होने के कारण है। यह फूल उत्तरी गोलार्ध में मिलता है। ग्रामीण मानते हैं कि भेड़िए की तरह इस फूल में भी पालतू पशुओं को रोककर रखने की क्षमता होती है।