बेटे की चाहत में पिता पर था दूसरी शादी का दबाव, दो बेटियां चुरा लाईं बच्चा
जनाना अस्पताल से बच्चा चोरी के मामले में भास्कर ने जो कहानी प्रकाशित की उसे पुलिस ने भी मान लिया है। साथ ही आरोपी शिवानी और प्रियंका को रविवार देर शाम को मथुरागेट थाना पुलिस ने अपहरण के दर्ज मामले में गिरफ्तार कर लिया। हालांकि अधिकृत रूप से पुलिस मामले का खुलासा सोमवार को करेगी।
- पूछताछ में दोनों लड़कियों ने बताया है कि मां मीना देवी को सदमे से उबारने के लिए बच्चा चुराया था। साथ ही नया खुलासा किया कि एक रिश्तेदार उनके पिता लक्ष्मण की दूसरी शादी करना चाहते थे।
- दरअसल, वजह ये थी कि मां मीनादेवी इलाज के बाद भी गर्भवती नहीं हो पा रही थी। एक बार सुसाइड की कोशिश भी कर चुकी हैं।
- उन्होंने पहले बच्चा गोद लेने का प्रयास किया। इसके लिए मथुरा में ही नर्स के बहकावे में मां को गर्भवती बताकर दूसरे का बच्चा गोद लेने की योजना भी बनाई थी।
शिवानी और प्रियंका ने मां का घर उजड़ने से बचाने के लिए एक नहीं बल्कि मथुरा व आगरा के भी निजी अस्पतालों में बच्चा लेने के लिए बात की थी। वहां एक प्रसूता व नर्स से बच्चा खरीदने का सौदा तय हो गया, लेकिन जिस प्रसूता से बच्चा लेना था उसकी मौत हो गई। ऐसे में दोनों बहनें फंस गईं, क्योंकि उन्होंने मेरठ में रहने वाले पिता और अन्य परिजनों को झूठ बोल दिया था कि उसकी मां गर्भवती है।
- इसके बाद शिवानी व प्रियंका का नाना लालसिंह कुछ दिन तक मेवात में बच्चा खरीदने के लिए घूमा था, क्योंकि नर्स ने उनको बताया था कि भरतपुर के मेवात में गरीब लोग सक्षम नहीं होने के कारण बच्चे बेच सकते हैं।
- उसने कुछ ग्रामीणों से भी बच्चा खरीदने के लिए बात की थी लेकिन सफल नहीं हुआ। इसके बाद दोनों युवतियों ने मां के लिए बच्चा चोरी करने की योजना बनाई।
- आगरा-मथुरा की रहने वाली युवतियों को भरतपुर इसके लिए सुरक्षित स्थान दिखा और 10 जनवरी को जनाना अस्पताल से बच्चा चोरी कर स्कूटी पर मथुरा ले गई।
बता दें कि 10 जनवरी को राजकीय जनाना अस्पताल में भर्ती एक प्रसूता से दो घंटे की बातचीत में दोस्ती कर लड़की उसका नवजात बालक चुरा ले गई। यह प्रसूता का सात भाई-बहनों के परिवार में पहला बच्चा था। दोपहर 2 बजे घटना के समय नवजात सिर्फ 10 घंटे का था। सीसीटीवी फुटेज में करीब 30 साल की युवती बच्चे को चोरी करके गोद में ले जाती हुई दिखाई दी थी। उसके साथ एक अन्य लड़की भी साथ थी, जो बाहर पहले से खड़ी थी। पार्किंग में खड़ी स्कूटी पर दोनों लड़कियों बच्चे को लेकर फरार हो गईं। उनकी तलाश में नाकाबंदी कराई गई। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी बहनों तक पहुंच गई थी।

Post a Comment