शशि कपूर को मोदी से सहवाग तक इन हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि; 12 अंग्रेजी फिल्में भी कीं
बॉलीवुड लेजेंड शशि कपूर का सोमवार शाम मुंबई के कोकिलाबेन हॉस्पिटल में निधन हो गया। 18 मार्च 1938 को जन्मे शशि कपूर का सही नाम बलबीर राज कपूर था। शशि ने कुल 160 फिल्मों में काम किया। इनमें 12 अंग्रेजी जबकि 148 हिंदी फिल्में थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- शशि कपूर का हुनर फिल्मों और थिएटर दोनों में देखा गया। थिएटर को भी वो प्रमोट करते थे। आने वाली पीढ़ियां उनके शानदार अभिनय को याद रखेंगी। राष्ट्रपति ने भी शशि के निधन पर शोक जताया।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- शशि कपूर का हुनर फिल्मों और थिएटर दोनों में देखा गया। थिएटर को भी वो प्रमोट करते थे। आने वाली पीढ़ियां उनके शानदार अभिनय को याद रखेंगी। उनके निधन से दुखी हूं और शोक संतप्त परिवार के लिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
- प्रेसिडेंट रामनाथ कोविंद ने शशि के निधन पर शोक जताते हुए कहा- भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के लिए सुप्रसिद्ध, अभिनेता शशि कपूर के निधन के बारे में जान कर बहुत दुख हुआ। सार्थक सिनेमा को उनका योगदान और भारतीय रंगमंच को शक्ति देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका हमेशा याद की जाएगी। उनके परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।
- कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल @INCIndia के जरिए शशि के निधन पर शोक जताया। कहा- उनके निधन से इंडियन सिनेमा में एक खाली स्थान आ गया है। उनके निधन से हम दुखी हैं।
क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने कहा- उनके डायलॉग याद रहेंगे। आप आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे। उनके दोस्तों और परिवार के प्रति संवेदनाएं।
- पूनम ढिल्लन ने कहा- मुंबई पहुंचते ही अपने को-एक्टर और मेरी पहली फिल्म के हीरो के निधन की खबर सुनी। वो जेंटलमैन, हैंडसम और बहुत अच्छे इंसान थे। कुछ शब्दों में उनकी शख्सियत को बयान करना आसान नहीं है। उनकी कमी पूरी करना नामुमकिन है।
- संजय खान- हम दोस्त थे। ‘दिल ने पुकारा’ में साथ काम किया। वो इंडस्ट्री के सबसे शरीफ लोगों में से एक थे। मैं उनके परिवार के प्रति संवेदना जताना चाहता हूं। वो इंडस्ट्री में एक मार्क छोड़कर गए। वो सेट पर हमेशा मजाक किया करते थे। वो पियानो भी बहुत अच्छा बजाते थे। उनका ‘सेंस ऑफ ह्यूमर’ गजब का था। खास बात ये है कि मेरे बड़े भाई फिरोज खान के भी शशि से बहुत अच्छे रिश्ते थे।
- शशि पृथ्वीराज कपूर के सबसे छोटे बेटे थे। पृथ्वीराज के तीन बेटे थे। राज कपूर, शम्मी कपूर और शशि कपूर।

Post a Comment