Header Ads

अक्षय नहीं सलमान के इस भाई को ऑफर हुई थी ‘खिलाड़ी’, सनी लियोनी के साथ है नेक्स्ट फिल्म


1992 में रिलीज हुई फिल्म ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार के फिल्मी करियर की काफी अहम फिल्म है। इसके बाद खिलाड़ी सीरीज की कई फिल्में रिलीज हुईं जिसमें मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी, सबसे बड़ा खिलाड़ी, खिलाड़ियों का खिलाड़ी, मिस्टर और मिस खिलाड़ी, इंटरनेशनल खिलाड़ी, खिलाड़ी 420 और खिलाड़ी 786 शामिल हैं। लेकिन ये फिल्म सबसे पहले अक्षय को ऑफर नहीं हुई थी। अरबाज खान को हुई थी ऑफर...

बता दें ये फिल्म अक्षय कुमार से पहले सलमान खान के भाई अरबाज खान को ऑफर हुई थी। इस बात का खुलासा खुद अरबाज ने करते हुए कहा, ‘फिल्म खिलाड़ी में अक्षय का किरदार अब्बास-मस्तान ने पहले मुझे ऑफर किया था लेकिन मैं दूसरी फिल्म साइन कर चुका था उस वक्त इसलिए बाद में ये रोल अक्षय को ऑफर हुआ। अगर मैं खिलाड़ी को साइन करता तो वो मेरी डेब्यू फिल्म होती।’

अरबाज कहते हैं, ‘मैंने अब्बास मस्तान से कहा था कि मैं इसे अपनी डेब्यू फिल्म नहीं तो अपनी दूसरी फिल्म बना सकता हूं। लेकिन अब्बास मस्तान ने इंतजार नहीं किया और फिल्म अक्षय को मिल गई। हालांकि जिस फिल्म से मैं डेब्यू करने वाला था वो भी किसी वजह से अटक गई और फाइनली मैंने अब्बास मस्तान की ही दूसरी फिल्म दरार से डेब्यू किया जिसमें मेरे अपोजिट जूही चावला और ऋषि कपूर थे।’

बता दें अरबाज को बॉलीवुड में करीब 20 साल हो चुके हैं। अरबाज कहते हैं, ‘सलमान हमेशा कहता है जितना मैंने बॉलीवुड में किया है मैं उससे काफी कुछ ज्यादा करने की ताकत रखता हूं। उसके मुताबिक मैंने मेहनत नहीं की। लेकिन जितना भी मेरे पास है मैं उससे काफी खुश हूं। वहीं सलमान काफी मेहनती है और उसके पास आज सबकुछ है।’

बता दें अरबाज खान की आने वाली फिल्म है तेरा इंतजार। फिल्म के बारे में अरबाज बताते हैं, ‘मैं काफी लकी हूं कि जिस उम्र में एक्टर्स रिटायर होने लगते हैं उस उम्र में मैं रोमांटिक फिल्म कर रहा हूं। वो भी सनी लियोनी के साथ।’

अरबाज हंसते हुए कहते हैं, ‘आखिरकार पापा खुश हैं कि उनका लड़का अब कमा रहा है और सुबह 9 बजे घर से निकल जाता है। शुक्र है कि उन्हें गर्व है कि मैं अपने मोबाइल का बिल और पेट्रोल खुद मैनेज कर रहा हूं।’