OLX पर इतने में बिक रहा jio फोन, खरीदने की गलती मत करना
भले ही रिलायंस अभी तक jio फोन की डिलिवरी कस्टमर्स को नहीं दे पाई लेकिन यह बिक्री के लिए OLX पर जरूर आ चुका है। जियो फोन को OLX पर लिस्ट किया गया है।
OLX पर jio फोन को 11 अक्टूबर को ( Ad ID: 1139254787) से लिस्ट किया गया है। यहां जियो फोन की कीमत 2000 रुपए रखी गई है। सेलर ने बाकायदा फोन की फोटोज भी यहां अपलोड की हैं। ट्विटर पर एक यूजर @tanwarnavratan ने OLX पर लिस्ट हुए इस फोन को लेकर ट्विट भी किया है। इससे एक नई कंट्रोवर्सी खड़ी हो गई है।
रिलायंस जियो के टर्म्स और कंडीशन के अनुसार जियोफोन को कोई बेच नहीं सकता। न ही इसे ट्रांसफर किया जा सकता है और न ही इसे कोई लीज पर दे सकता है लेकिन इस तरह के मामले देखर अब लगता है कि यूजर्स जियो की पॉलिसी को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं और OLX आदि पर फोन को बेच रहे हैं। इस तरह से फोन खरीदने पर भी यूजर के लिए मुसीबत खड़ी हो सकती है। ऐसी स्थिति में यूजर को 1500 रुपए रिफंड मिलना मुश्किल हो जाएगा।
इस तरह से फोन खरीदने पर यूजर को सबसे पहले सिम अपने नाम पर करवाना होगी। 1500 रुपए का रिफंड तभी मिलेगा, जब आपके पास कंपनी की वैलिड रिसिप्ट होगी। एक सवाल यह भी खड़ा हो रहा है कि जियो फोन की डिलिवरी तो अभी शहरों तक ही नहीं पहुंची है, तो फिर ये इतनी जल्दी ओएलएक्स पर कैसे आ गया? जियो फोन की डिलिवरी पहले गांवों में की जा रही है। कंपनी का दावा है कि दिवाली के आसपास सभी लोगों को फोन की डिलिवरी कर दी जाएगी।
जियो फोन को देशभर के 60 लाख लोगों ने बुक करवाया है। इसकी बुकिंग 500 रुपए जमा करवाकर की गई है। 1000 रुपए कस्टमर को फोन लेते समय जमा करना हैं। इस तरह कुल 1500 रुपए देकर फोन लिया जा सकेगा। यह पैसा तीन साल बाद वापस लिया जा सकेगा। जियो फोन में वॉइस कॉल पूरी तरह से फ्री है। रोजाना 500 एमबी डाटा यूजर्स को मिलेगा। इसके लिए हर माह 153 रुपए का रिचार्ज करवाना होगा।

Post a Comment