राम रहीम को भगाने की साजिश रचने वाले हेड कांस्टेेबल सहित 4 गिरफ्तार
रेप केस में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा के चीफ राम रहीम को भगाने की साजिश रचने वाले चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
इनमें से एक चंडीगढ पुलिस का हेड कांस्टेबल भी शामिल है। पंचकुला में हुई हिंसा की जांच कर रही एसआईटी ने हेड कांस्टेबल लाल चन्द सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
लाल चंद खुफिया विभाग में तैनात है। पुलिस इन चारों से पूछताछ कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लाल चन्द की ड्यूटी ना होने के बावजूद वह पंचकुला की सीबीआई कोर्ट के बाहर तैनात था।
लाल चन्द डेरा सच्चा सौदा का समर्थक बताया जाता है। बताया जा रहा है कि उसे 25 अगस्त को किसी खास काम से कोर्ट के बाहर खडा किया गया था।
पुलिस को शक है कि वह राम रहीम को भगाने की कोशिश करने वाले पुलिसकर्मियों की टीम में भी शामिल था। लाल चन्द के साथ ही पुलिस ने डेरा के एक और समर्थक गोपाल बंसल को भी गिरफ्तार किया है।
गोपाल बंसल राजस्थान के हनुमानगढ का रहने वाला है। गोपाल को पुलिस ने अंबाला के नारायणगढ से गिरफ्तार किया गया है।
इसके अलावा पुलिस ने दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बठिंडा के जंगीरान गांव निवासी सरनजीत और गुरमीत सिंह को भी गिरफ्तार किया है।
इन दोनों पर हनीप्रीत को अपने घर में पनाह देने का आरोप है। माना जा रहा है कि हनीप्रीत को पनाह देने वाले कुछ और लोगों की भी जल्द ही गिरफ्तारी हो सकती है।
ज्ञातवय है कि पुलिस को एक बैग से राम रहीम का फर्जी पासपोर्ट भी मिला है। बताया जा रहा है कि इस पासपोर्ट के जरिए राम रहीम देश से बाहर भागने की फिराक में है।
जाली पासपोर्ट को पुष्टि के लिए संबंधित विभाग को भेजा गया है।
पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या जाली पासपोर्ट उस साजिश का हिस्सा था जो कथित तौर पर हनीप्रीत ने गुरमीत राम रहीम को कोर्ट का फैसला आने के बाद भगाने के लिए रची थी।


Post a Comment