Header Ads

प्रेग्नेंट बेटी को ऐसे ले गया पिता, एक हाथ से पोंछे आंसू, दूसरे से संभाली डेडबॉडी


गुरुवार को जिले में अव्यवस्था के कारण एक लड़की की मौत तमाशा बनकर रह गई। मृतका का पिता उसकी डेडबॉडी को लेकर रिक्शा से घूमता रहा। रिक्शा थोड़ा आगे चलता और लड़की की बॉडी गिरने लगती। बूढ़ा पिता एक हाथ से आंसू पोंछता और दूसरे से बेटी की डेडबॉडी को गिरने से बचाता। तमाशबीन बने पुलिस और अस्पताल के अधिकारी सिर्फ बहाने गिनाते रहे। 6 महीने पहले हुई थी शादी, दो महीने से थी प्रेग्नेंट...

 जिले के मौदहा इलाके में शिवशरण यादव ने अपनी 19 साल की बेटी सोना की शादी लगभग 6 महीने पहले की थी। सब अच्छा चल रहा था। बेटी दो महीने पहले प्रेग्नेंट भी हुई, लेकिन अचानक उसने अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला ले लिया।

- शिवशरण ने बताया, "एक हफ्ते पहले सोना ससुराल से अपने घर आई थी। वो वैसे खुश लग रही थी। दो महीने की प्रेग्नेंट भी थी। पता नहीं क्या हुआ कि बुधवार को उसने फासी लगा ली।"
- "मैंने तुरंत उसके पति को सूचना दी। वो भी यहां रोता हुआ भागा-भागा आया। चूंकि उसने सुसाइड किया था, इसलिए पुलिस आई और बेटी की बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए हमीरपुर ले गई।"


शिवशरण का कहना है कि हमीरपुर जिला हॉस्पिटल में उसकी बेटी का पोस्टमॉर्टम किया गया। पुलिस डेडबॉडी हॉस्पिटल तक तो ले गई, लेकिन घर ले जाने के लिए न उसे एंबुलेंस मिली और न कोई पुलिस की गाड़ी।

- उसने बताया, "हमने अस्पताल वालों से एंबुलेंस देने को कहा, लेकिन उन्होंने यह कहकर मना कर दिया कि शव घर से जाने के लिए एंबुलेंस नहीं मिलती। पुलिस ने भी कोई गाड़ी मुहैया नहीं करवाई। परेशान होकर मैं बेटी को रिक्शे पर ही घर ले गया।"

- "पोस्टमॉर्टम के बाद उसका शरीर भी बिखरा सा था और बार-बार रिक्शा से गिर रहा था। मेरी पत्नी और दामाद रोते हुए साथ-साथ चल रहे थे। कुछ दूर चलने के बाद रिक्शे वाला भी थक गया और खड़ा हो गया। रास्ते में चलते वक्त आसपास के लोग भी हमें हैरानी से देख रहे थे। मेरी बेटी की मौत भी तमाशा बन गई।"


 सीएमओ डॉ. सीपी कश्यप का कहना है, "अस्पताल में मौत होने पर ही परिजनों को एंबुलेंस दी जाती है। सिर्फ पोस्टमॉर्टम के लिए आई बॉडी के लिए ऐसी कोई सुविधा नहीं है। यह जिम्मेदारी पुलिस की होती है।"

- वहीं मौदहा इंस्पेक्टर का कहना है, "पीएम के लिए सिपाही और होम गार्ड को साथ भेजा गया था। होमगार्ड मौके पर मौजूद था, लेकिन सिपाही गायब था। वो कहां चला गया इसकी जांच करवाई जा रही है।"