बगैर हाथों के पैदा हुए बच्चे ने अपने छोटे भाई को कुछ इस तरह कराया चुप, हर कोई है हैरान
एक ओर जहां आज पैसे के लालच में सगे भाई एक-दूसरे के खून के प्यासे हो जाते हैं, वहीं दूसरी ओर दो मासूमों ने ऐसी मिसाल पेश की है, जिसे देख आपकी खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा। खासकर बचपन में भाई-बहनों के साथ बिताया गया वक्त इंसान कभी नहीं भूल सकता।
बचपन में भले ही हम उनसे लड़ते हैं, झगड़ते हैं मगर दुनिया में सबसे ज्यादा प्यार भी उन्हीं से करते हैं। इसी प्यार की मिसाल पेश करता एक छोटा सा विडियो इन दिनों इंटरनेट पर काफी शेयर किया जा रहा है।
26 सेकंड के इस विडियो में दुनिया के सबसे खूबसूरत रिश्तों में से एक इस रिश्ते की दिल को छूकर आंखों में नमी ला देने वाली गर्माहट आपको नजर आ जाएगी। इस विडियो में एक बिस्तर पर 2 बच्चे लेटे हुए दिख रहे हैं।
बड़ा भाई बमुश्किल साल भर का होगा और छोटा भाई अभी कुछ महीने का ही है। बड़े बच्चे के कोहनियों के नीचे हाथ नहीं हैं। उसका छोटा भाई रो रहा है। उस कमरे में इन दोनों बच्चों के अलावा कोई नहीं है।
अपने छोटे भाई को चुप कराने के लिए वह सरकते हुए उसके पास पहुंचता है और अपने मुंह की मदद से पास ही पड़ा निपल उठाकर उसे रो रहे भाई के मुंह में लगा देता है और बच्चा चुप हो जाता है।
हाल ही में यह विडियो shnshoona_almzyoona नामक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया गया था जहां उसे डेढ़ लाख हिट्स मिल चुके हैं। अब यह विडियो फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर भी है।


Post a Comment