इस वजह से 25 साल की उम्र में काजोल ने कर ली थी अजय देवगन से शादी
'बाजीगर' (1993), 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' (1995), 'प्यार किया तो डरना क्या' (1998) और 'कभी ख़ुशी कभी गम' (2001) जैसी फिल्मों की एक्ट्रेस काजोल 43 साल की हो गई हैं। 5 अगस्त 1974 को मुंबई में जन्मीं काजोल ने 1999 में अजय देवगन से शादी की। उस वक्त काजोल की उम्र 25 साल थी और उनका करियर पीक पर था। ऐसे में काजोल ने शादी का फैसला क्यों लिया? इसका जवाब उन्होंने 17 साल बाद एक इंटरव्यू में दिया था। इस वजह से काजोल ने की थी अजय से शादी...
- एक इंटरव्यू में काजोल ने खुलासा किया था कि वे ज़िंदगी और करियर में ठहराव चाहती थीं। इसी वजह से उन्होंने शादी का फैसला लिया।
- बकौल काजोल, "मुझे काम करते हुए तकरीबन 9 साल हो गए थे। हर साल ४, 5 फिल्में आ रही थीं। मेरे पास सब कुछ था, पैसा, शोहरत और कामयाबी, पर खुद के लिए न वक्त था, न सुकून। एक बड़ा फैसला लेने का वही सही वक्त था।"
- "उस वक्त मैंने तय किया कि अब शादी करूंगी और साल में ज्यादा से ज्यादा एक फिल्म में एक्टिंग करूंगी।"
एक इंटरव्यू में काजोल ने बताया था कि अजय के साथ पहला शॉट (फिल्म 'हलचल' के लिए) देते हुए ही उन्हें रियलाइज हो गया था कि यह आदमी उनकी जिंदगी में बेहद अहम रोल प्ले करेगा। हालांकि, उस वक्त काजोल और अजय दोनों ही किसी और के साथ रिलेशनशिप में थे। दोनों दोस्तों की तरह साथ वक्त बिताते थे। उस दौरान काजोल अजय से अपने रिलेशनशिप और लव-लाइफ को लेकर एडवाइस लिया करती थीं और 'बाबा जी' की तरह अजय उन्हें टिप्स देते थे।
दोनों की पहली मुलाकात 'हलचल'(1995) की शूटिंग के दौरान हुई थी। पहले दोस्त बने। जब काजोल अजय से पहली बार मिलीं तो देखा कि उन्हें एक किनारे अकेले बैठना पसंद है। ज्यादा बातें भी नहीं करते थे। तब काजोल को लगता था कि ऐसा भला कैसे हो सकता है कि कोई बात नहीं करे। मगर धीरे-धीरे वह काजोल से बात करने लगे और उनकी दोस्ती हो गई। इस फिल्म के बाद दोनों ने एक साथ कई फिल्में की जो हिट रहीं। जैसे 'इश्क', 'प्यार तो होना ही था', 'दिल क्या करे', 'राजू चाचा'।
आज काजोल और अजय देवगन की जोड़ी बॉलीवुड की बेस्ट जोड़ियों में से एक मानी जाती है। काजोल बेटी न्यासा और बेटे युग की मां हैं। अपने बच्चों और परिवार के लिए उन्होंने कई बार फिल्मी करियर में ब्रेक लिया है। उनकी आखिरी फिल्म 'दिलवाले' 2015 में रिलीज हुई थी। जल्दी ही काजोल साउथ इंडियन फिल्म 'VIP 2' में धनुष के साथ दिखाई देंगी।

Post a Comment