लड़की के कारण संदीप ने कबूला इस्लाम, भाई बोला- अब पता चला वो आदिल है
सूत्रों के मुताबिक, कुछ साल पहले संदीप काम की तलाश में कश्मीर गया था। वहां उसे एक कश्मीरी लड़की से प्यार हो गया।
जम्मू-कश्मीर पुलिस की गिरफ्त में आए लश्कर के संदिग्ध आतंकी संदीप शर्मा उर्फ आदिल को लेकर एक नया खुलासा हुआ है। यूपी एटीएस के सूत्रों का कहना है कि संदीप ने एक कश्मीरी लड़की के प्यार में पड़कर इस्लाम कबूल किया था। उसने उस लड़की से शादी भी कर ली थी। हालांकि, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इससे इनकार किया है। उनका कहना है कि इस बात के फिलहाल कोई सबूत नहीं मिले हैं। उधर, संदीप के भाई प्रवीण ने बताया कि उसे भी टीवी में न्यूज देखकर ही पता चला कि उसके भाई ने धर्म परिवर्तन कर लिया है। कई बैंक और एटीएम की लूट में शामिल रहा संदीप...
- सूत्रों के मुताबिक, कुछ साल पहले संदीप काम की तलाश में कश्मीर गया था। वहां उसे एक कश्मीरी लड़की से प्यार हो गया। उसने उससे शादी के बाद अपना धर्म बदल कर इस्लाम स्वीकार कर लिया।
- वह एक बार अपने घर वोटर आईडी लेने आया था। सूत्रों का कहना है कि वह पहले से ही क्रिमिनल बैकग्राउंड का रहा है और यूपी में भी कई वारदात कर चुका है।
- संदिग्ध संदीप ने लश्कर के आतंकियों के साथ मिलकर कई वारदातों को अंजाम दिया है। उसका नाम बैंक और एटीएम लूट में भी शामिल है।
टीवी से पता चला, उसने धर्म परिवर्तन कर लिया: संदीप का भाई
- संदीप की गिरफ्तारी के बाद उसके भाई प्रवीण शर्मा ने मीडिया से बातचीत में बताया, ''संदीप ने 10वीं तक पढ़ाई की है। वो करीब 3 साल पहले घर छोड़कर जा चुका था। हमें तो टीवी में न्यूज देखकर पता चला कि घर छोड़ने के बाद उसने धर्म परिवर्तन कर लिया। इस समय वो क्या काम कर रहा था, इसकी कोई जानकारी हमारे पास नहीं थी।''
- ''घर छोड़ने के बाद वाे हम लोगों से ज्यादा संपर्क नहीं रखता था। पिछले 6-7 महीने से उससे कोई बात भी नहीं हुई। वो जम्मू में रहकर आतंकियों के लिए काम कर रहा था, इसकी जानकारी भी परिजनों को नहीं है।''
- प्रवीण ने कहा, ''अगर संदीप का आतंकी कनेक्शन हाेता है तो हमारा परिवार किसी भी तरह उसका साथ नहीं देगा। जो व्यक्ति देश का दुश्मन हाे, वो किसी का भाई नहीं हो सकता।''
- ''अगर संदीप दोषी है तो पुलिस उसे जो सजा देगी, वो मंजूर है। उसे कड़ी से कड़ी सजा देनी चाहिए, ताकि कोई हिंदुस्तानी इस तरह की साजिश में शामिल होने की सोच भी न सके।''
संदीप का ये है फैमिली बैकग्राउंड
- संदीप के पिता का नाम रामकुमार शर्मा है, जो अब इस दुनिया में नहीं है। संदीप का एक भाई प्रवीण शर्मा है, जो हरिद्वार में टैक्सी चलाता है।
- आस-पड़ोस के लोगों का कहना है कि संदीप कम पढ़ा-लिखा था। करीब 7-8 साल पहले वो कश्मीर चला गया था। 2012 में वो घाटी में आया था। 2017 में वो आतंकवादियों के साथ शामिल हो गया।
- बता दें, संदीप ने मानेर शाह और शाहिद अहमद के साथ एक गिरोह बनाया और आतंकियों से मिला।
ये है पूरा मामला...
- जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मॉड्यूल का खुलासा किया। इससे जुड़े दो आतंकी संदीप कुमार शर्मा उर्फ आदिल और मुनीब शाह को अनंतनाग से अरेस्ट किया गया।
- संदीप यूपी के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है और तीन आतंकी हमलों में शामिल रहा है। उसने चार एटीएम भी लूटे हैं। संदीप 2012 से कश्मीर में रह रहा था।
- पुलिस के मुताबिक, संदीप बैंक लूट, हथियार छीनने और सिक्युरिटी फोर्सेस पर हमले की घटनाओं में शामिल रहा है। मुजफ्फरनगर पुलिस और एलआईयू विभाग ने कई घंटों तक संदीप के परिजनों को तलाशा। इसके बाद संदीप की भाभी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।


Post a Comment