Header Ads

इस फ्लॉप एक्टर की वजह से शाहरुख खान रातोंरात बन गए थे सुपरस्टार

शाहरुख खान को आज फिल्म इंडस्ट्री में 25 साल पूरे हो गए हैं। उनकी पहली फिल्म 'दीवाना' 25 जून, 1992 को रिलीज हुई थी। सुपरहिट रही इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ एक्ट्रेस दिव्या भारती और एक्टर ऋषि कपूर थे। इस फिल्म की सफलता के साथ ही शाहरुख ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। लेकिन कम ही लोग जानते हैं उन्हें सुपरस्टार बनाने के पीछे किस हीरो का हाथ है। दरअसल, फिल्म में शाहरुख वाला रोल पहले एक्टर अरमान कोहली को ऑफर हुआ था, जिनकी गिनती आज सुपरफ्लॉप स्टार्स में की जाती है। फिल्म के कुछ हिस्से की शूटिंग करने के बाद छोड़ दी थी फिल्म...

डायरेक्टर राज कंवर ने फिल्म 'दीवाना' में शाहरुख खान वाला रोल एक्टर अरमान कोहली को ऑफर किया था। अरमान ने फिल्म के पहले शेड्यूल की शूटिंग भी पूरी कर ली थी। लेकिन अचानक ही उन्होंने फिल्म में काम करने से मना कर दिया। कश्मकश में फंसे डायरेक्टर ने ये रोल शाहरुख खान को ऑफर किया, जो उन दिनों इंडस्ट्री में काम की तलाश में थे। फिल्म 'दीवाना' में काम करके शाहरुख खान सुपरस्टार बन गए और अरमान कोहली की गिनती आज फ्लॉप स्टार्स में की जाती है।

सिर छुपाने के लिए नहीं थी जगह

आज बॉलीवुड में किंग खान के नाम से मशहूर शाहरुख के पास एक दौर में मुंबई में सिर छिपाने की जगह नहीं थी। बहुत कम लोग जानते हैं कि फिल्म प्रोड्यूसर और एक्टर विवेक वासवानी ने कभी उन्हें अपने घर में पनाह दी थी और काफी दिनों तक शाहरुख उनके घर पर ही टिके रहे। इतना ही नहीं विवेक ने एक लीडिंग मीडिया हाउस को दिए इंटरव्यू में यह तक कहा था- ''जब कई दिन हो गए तो मैंने शाहरुख को अपने घर से भगाने की भी कोशिश की, लेकिन मैं नाकामयाब रहा।''

आसान नहीं थी डगर

शाहरुख गैर फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखते हैं, लिहाजा उनके लिए बॉलीवुड की डगर आसान नहीं थी। शाहरुख ने दूरदर्शन के टीवी सीरियल 'फौजी' और 'सर्कस' के जरिए दर्शकों के बीच पहचान बनाई और बाद में फिल्मों का रुख किया। उन्होंने सही समय पर मिले मौकों को अपनी सफलता में तब्दील किया। शाहरुख को विवेक वासवानी जैसे दोस्त और अजीज मिर्जा जैसे संरक्षक बॉलीवुड में मिले। यह वह दौर था जब शाहरुख बॉलीवुड के लिए नए चेहरे थे और काम मिलना भी आसान नहीं था।इसी दौरान हेमा मालिनी अपनी फिल्म 'दिल आशना है' के लिए दिव्या भारती के अपोजिट एक नए चेहरे की तलाश में थी। विवेक, शाहरुख को प्रोड्यूसर्स और डायरेक्टर्स से मिलवाने ले जाते थे और उन्होंने ही शाहरुख को इस फिल्म के बारे में बताया। शाहरुख को इस फिल्म के लिए चुन लिया गया, लेकिन इससे पहले रिलीज हुई 'दीवाना'।

एंटी हीरो की छवि को स्थापित किया

'दीवाना' बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। शाहरुख इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बन गए। उन्होंने बॉलीवुड में नया चलन शुरू किया और एंटी हीरो की छवि को स्थापित करने में मदद की। इसके बाद 'दिल आशना है' (1992) भी रिलीज हुई जो कि बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से नकार दी गई। इसके बाद 'बाजीगर' (1993) और 'डर' (1993) ने उन्हें बॉलीवुड में स्थापित कर दिया। रितेश-साजिद के चैट शो 'यादों की बारात' में खुद शाहरुख ने बताया था कि उन्हें स्टार अरमान कोहली ने बनाया है। उन्होंने चैट शो में कहा, 'अरमान मुझे सुपरस्टार बनाने के जिम्मेदार हैं। एक्ट्रेस दिव्या भारती के साथ अरमान कोहली वाले पोस्टर छप चुके थे। मेरे पास अभी तक वह पोस्टर रखा हुआ है। शुक्रिया, मुझे सुपरस्टार बनाने के लिए।'

फ्लॉप रहा अरमान का करियर

अरमान कोहली का फिल्मी सफर फ्लॉप ही रहा है। अरमान ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत 1992 में आई फिल्म विरोधी से की थी। इसके अलावा उन्होंने 'दुश्मन जमाना' (1992), 'अनाम' (1992), 'जुआरी' (1994), 'वीर' (1995), 'जानी दुश्मन' (2002), 'प्रेम रतन धन पायो' (2015) सहित कई फिल्मों में काम किया। लेकिन वे बॉलीवुड नें अपनी पहचान नहीं बना पाए। फिलहाल उनके पास कोई फिल्म का ऑफर नहीं है।

काजोल की बहन से रहा अफेयर

अरमान 'बिग बॉस' सीजन 7 के प्रतिभागी भी रहे हैं। इस दौरान काजोल की बहन तनीषा से अफेयर खूब सुर्खियों में रहा था। बता दें कि अरमान हमेशा से ही अपने अफेयर को लेकर चर्चा में रहे हैं। एक्ट्रेस आयशा जुल्का से भी उनका अफयेर खूब रहा। 1992 में आई फिल्म 'अनाम' में एक्टर अरमान कोहली के साथ काम करने के दौरान दोनों में नजदीकियां बढ़ी और अफेयर हो गया। आयशा, अरमान को लेकर बेहद सीरियस थी। उन्होंने अपने करियर से ज्यादा अरमान कोहली को तवज्जो दी। लेकिन अरमान से भी उन्हें धोखा मिला। अरमान का अफेयर 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' फेम बबिताजी उर्फ मुनमुन दत्ता के साथ रह चुका है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अरमान, मुनमुन दत्ता के साथ मारपीट करते थे, जिसके चलते यह रिश्ता सालभर भी नहीं चला। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2008 में अरमान और मुनमुन एक दूसरे के करीब आए और इसी साल अलग भी हो गए। बताया जाता है कि वेलेन्टाइन डे पर किसी बात को लेकर अरमान और मुनमुन का झगड़ा हुआ था। इस दौरान अरमान ने मुनमुन की पिटाई लगा दी। मुनमुन ने इसे लेकर अरमान की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई, जिसके चलते उन्हें फाइन भरना पड़ा था।