Header Ads

मुंबई में अगले 24 घंटे भारी बारिश, लोकल ट्रेन की रफ्तार हुई धीमी


शहर के कई इलाकों में देररात से रुक-रुक कर बारिश जारी है। मुंबई के उपनगरीय इलाके, अंधेरी, गोरेगांव, कुर्ला, घाटकोपर, कल्याण और डोंबिवली में सड़कों पर पानी जमा है। पुणे मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई, कोंकण और विदर्भ में भारी बारिश का अनुमान लगाया है। भारी बारिश के कारण सेंट्रल और वेस्टर्न रूट पर चलने वाली लोकल ट्रेन की रफ्तार धीमी हुई है। मुंबई में यह हुआ असर

- मूसलाधार बारिश के कारण सेंट्रल रेल रूट पर चलने वाली लोकल ट्रेन 15 मिनट की देरी से चल रही है। वहीं पश्चिम हार्बर रेलवे रूट पर चलने वाली लोकल ट्रेन 10 मिनट की देरी से चल रही है।
- मंगलवार सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक कुलाबा में 56.6 मिमी और सांताक्रूज में 40.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
- भारी बारिश के कारण मुंबई-गोवा हाईवे पर कई जगह पेड़ गिर गए, जिसके चलते सड़क पर कई किलोमीटर लंबा जाम देखने को मिला।
- मुंबई में जारी तेज बारिश के बीच दोपहर 3 से 4 बजे के बीच 4.5 मीटर का हाई टाइड आया। समुद्र किनारे घूमने गए लोग हाई टाइड के बीच समुद्र की लहरों का मजा लेते नजर आयें।
नागपुर का हुआ सबसे बुरा हाल...
- मंगलवार को नागपुर में मानसून की पहली बारिश हुई। सुबह 11 बजे शुरू हुई बरसात दोपहर 3 बजे तक जारी रही।
- इस बारिश ने नालों की सफाई का दावा करने वाले नगरनिगम की पोल खोलकर रख दी। कुछ ही देर में सड़कों पर कई फीट पानी भर गया। सड़कें नदियों में तब्दील हो गईं।
- रास्तों पर इकठ्ठा पानी घरों, इमारतों के कंपाउंड्स में भी घुस गया। लोगों को बचने के लिए छतों पर शरण लेनी पड़ी।
- नागपुर के निचले इलाकों में बने अंडरपास में कई बसें और गाड़ियां पानी में फंस गई, लोगों को किसी तरह से बाहर निकाला गया।
पंजाब, हरियाणा में जल्द मानसून की दस्तक
- मौसम विभाग के मुताबिक साउथ वेस्ट मानसून अगले 2 दिनों में पंजाब, हरियाणा में दस्तक दे सकता है।
- दोनों ही राज्य के कई इलाकों में मंगलवार को प्री मानसून की बारिश हुई। अनाज के कटोरी के रूप में फेमस दोनों ही राज्यों में पिछले दो सालों के दौरान हल्की बारिश हुई थी।
- आखिरकार एक वर्ष की लंबी प्रतीक्षा के बाद मंगलवार को मानसून पश्चिम दक्षिण राजस्थान में प्रवेश कर गया। सुबह साढ़े आठ बजे तक बाड़मेर में सबसे अधिक 45.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
- जयपुर मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर में 45.8, चूरू में 21.6 मिमी, चितौड़गढ़, माउंट आबू में 16 मिमी, जयपुर 12 मिमी, अजमेर 9.6 मिमी, डबोक में 53.8 मिमी, भीलवाड़ा में तीन मिमी और बूंदी में दो मिमी बारिश दर्ज की गई है।