सूखी जमीन पर खतरनाक सांप से भिड़ गई बहादुर 'जल की रानी'
सोशल मीडिया पर दक्षिण भारत के किसी अंजान गांव में शूट किया गया एक अजीबोगरीब वीडियो वायरल हो गया है. इस वीडियो में दिखाया गया है कि एक मछली अपनी जान बचाने के लिए एक सांप से लड़ रही है और वो भी पानी नहीं जमीन पर.
केवल 38 सेकेंड के इस वीडियो में दिखाया गया है कि मछली, सांप उसे निगल न पाए इस जुगत में तेजी से भिड़ी हुई है. वीडियो में साफ दिखाई देता है कि मछली अपने मुंह में सांप के मुंह को तेजी से दाबे हुए हैं और सांप खुद को छुड़ाने की खूब मशक्कत कर रहा है.
वीडियो में दिए गए डिस्क्रिप्शन के मुताबिक यह वीडियो गांव के स्थानीय व्यक्ति द्वारा ही रिकॉर्ड किया गया है. वीडियो रिकॉर्डिंग में यह भी दिख रहा है कि जब मछली सांप से लड़ रही होती है तो वो कमजोर न पड़ जाए इसलिए वहां यह तमाशा देख रहा कोई व्यक्ति मछली के ऊपर पानी डाल देता है ताकि वो लड़ती रहे.
हालांकि जान बचाने की जद्दोजहद वाले इस वीडियो में आखिरकार कोई जीत नहीं पाता है और बताया गया है कि सांप और मछली दोनों जिंदगी की दौड़ हार जाते हैं. यूट्यूब पर Caters Clips नाम के पेज से इस वीडियो को चार दिन में तकरीबन 44,500 लोग देख चुके हैं और इसके व्यूज लगातार बढ़ते जा रहे हैं.
स्थानीय लोगों के मुताबिक सांप और मछली की यह लड़ाई शुरू तो पास के एक तालाब में होती है लेकिन कुछ ही देर में वे एक-दूसरे से झगड़ते हुए बाहर जमीन पर आ जाते हैं. वैसे यह एक दुर्लभ वीडियो है जिसमें सांप और मछली को जमीन पर लड़ते हुए दिखाया गया हो.


Post a Comment