मैच के पहले रोहित ने पत्नी के लिए कही थी ये बात, फिर कर दी रनों की बरसात
भारत और श्रीलंका के बीच शुक्रवार को होलकर स्टेडियम में खेला गया शहर का पहला इंटरनेशनल टी-20 मैच शहरवासियों के लिए यादगार बन गया। यहां स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम तो किया ही, टीम इंडिया ने भी कई रिकाॅर्ड बना डाले। रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंदों में शतक जड़ा। हालांकि रोहित ने मैच के पहले अपनी पत्नी के लिए एक भावुक मैसेज पोस्ट किया था। मैच के बाद भी उन्होंने एक सेल्फी पोस्ट करते हुए पत्नी को लकी चार्म बताया। शनिवार को दोनों ही टीमें इंदौर से रवाना हो गईं। क्रिकेटरों की एक झलक पाने के लिए फैंस सुबह से ही होटल के बाहर खड़े हो गए थे।
- होलकर स्टेडियम में शुक्रवार रात हुई रनों की बारिश ने हर किसी को अचंभित कर दिया। यहां कप्तान रोहित शर्मा के साथ उनकी पत्नी रितिका भी आई थीं। रितिका का गुरुवार को जन्मदिन था। रोहित ने होटल में टीम के साथ पत्नी का जन्मदिन मनाया और केक भी काटा।
- राेहित शर्मा पत्नी रितिका के साथ इंदौर पहुंचे। गुरुवार को रितिका का जन्मदिन था। राेहित ने इंदौर में ही पत्नी का बर्थडे सेलिब्रेट किया। रोहित ने पत्नी को एफबी पर बधाई देते हुए लिखा कि किसी के जन्मदिन पर आप उनके साथ रहने का प्रयास करते हैं, लेकिन मेरी पत्नी के साथ ऐसा नहीं है। वह हमेशा ऐसे मौकों पर मेरे साथ रहती है। वह यह सुनिश्चित करती है कि वह सफर का समय अच्छा गुजरे। मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि ऐसी पत्नी मिली। जन्मदिन की शुभकामनाएं... लव रितिका। इसके अलावा रोहित ने इंस्टाग्राम पर भी रितिका के साथ फोटो शेयर कर जन्मदिन की बधाई दी। मैच में विस्फोटक पारी के बाद रोहित ने रितिका के साथ एक सेल्फी पोस्ट की है। उन्होंने लिखा है कि यही मेरा लकी चार्म है। रोहित ने इसे इंस्टाग्राम पर भी अपलोड किया है।
- इस टी-20 मुकाबले में कुल 31 छक्के लगे। भारतीय पारी में कुल 21 और श्रीलंकाई पारी के दौरान 10 छक्के पड़े। इनमें से कुल 18 छक्के तो दर्शकों के बीच ही गिरे। यानी बल्लेबाजों ने क्रिकेट प्रेमियों को खूब कैच प्रैक्टिस करवाई।

Post a Comment