डेब्यू के 7 साल बाद अब बना स्टार, पूर्व कप्तानों पर आरोप लगा चुका है ये बॉलर
श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में इंडियन बॉलर जयदेव उनाद्कट मैन ऑफ द सीरीज रहे। हालांकि, उन्होंने युजवेंद्र चहल, हार्दिक पंड्या और कुलदीप यादव से कम विकेट लिए, लेकिन वो सीरीज के सबसे किफायती बॉलर रहे। जयदेव ने 3 मैचों में 9 ओवर बॉलिंग की, जिसमें 44 रन देकर 4 विकेट लिए। उनका इकोनॉमी रेट 4.88 रहा। जयदेव भले ही इस सीरीज से लाइमलाइट में आए हों, लेकिन उन्होंने करीब 7 साल पहले टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था।
- जयदेव उनाद्कट ने दिसंबर, 2010 में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था। उन्होंने सेन्चुरियन में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच खेला था। इस मैच में वो कोई विकेट नहीं ले सके।
- तीन साल बाद फिर इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी वापसी हुई। 2013 में उन्होंने जिम्बॉब्वे टूर पर जा रही इंडियन टीम में जगह मिली। इसी साल जुलाई से नवंबर तक उन्होंने 7 वनडे मैच खेले, जिसमें उन्हें 8 विकेट मिले।
- इसके बाद एक बार फिर उनके करियर पर ब्रेक लग गया। जयदेव को अगला मौका जून, 2016 में मिला। तब उन्हें फिर से जिम्बॉब्वे के खिलाफ टी20 टीम इंडिया में शामिल किया गया।
- डेब्यू मैच में उन्होंने 4 ओवर में 43 रन लुटा दिए। इस सीरीज में टीम इंडिया एकमात्र ये मैच ही हारी थी। उम्मीद के मुताबिक जयदेव को टीम से बाहर कर दिया गया।
- लगातार अंदर-बाहर होने के बाद भी जयदेव ने हार नहीं मानी। वो डोमेस्टिक क्रिकेट और आईपीएल में लगातार मेहनत और जबरदस्त परफॉर्म करते रहे। उन्होंने कई कप्तानों पर उन्हें सपोर्ट नहीं करने का आरोप भी लगाया। जयदेव के अनुसार, उन्होंने हर मैच के साथ खुद में सुधार किया।
- एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी वापसी श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए हुई। इस सीरीज में जयदेव को तीन मैचों में विकेट तो 4 मिले, लेकिन वो जबरदस्त किफायती रहे।

Post a Comment