गोवा से ऋषिकेश तक, नए साल में इन 10 में से किसी 1 जगह जा सकते हैं आप भी
कुछ ही दिनों बाद नया साल 2018 शुरू होने वाला है, अधिकतर लोग नए साल को खास बनाने के लिए घूमना पसंद करते हैं। अगर आप भी नए साल में कहीं घूमने जाना चाहते हैं तो यहां जानिए भारत की 10 ऐसी जगहें, जहां हजारों-लाखों की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
गोवा के समुद्र तट और यहां का प्राकृतिक नजारा भरपूर आनंद देता है। अगर आप नए साल की शुरुआत गोवा से करते हैं तो नए साल की शुरुआत किसी जश्न की तरह होगी। यहां न्यू ईयर की पार्टी पूरी रात चलती है। साथ ही, कई कार्यक्रम भी यहां देखे जा सकते हैं। गोवा आने के लिए सभी बड़े शहरों से वायु, सड़क या रेल मार्ग का उपयोग किया जा सकता है।
2. मथुरा और वृंदावन
दिल्ली से केवल 160 किमी दूर है मथुरा। यहां श्रीकृष्ण जन्मभूमि, गोपेश्वर महादेव मंदिर, द्वारकाधीश मंदिर, वृंदावन, गोकुल, गोवर्धन पर्वत सबसे खास जगहें हैं। इन जगहों पर घूमकर नए साल की शुरुआत श्रीकृष्ण की भक्ति के साथ की जा सकती है। मथुरा के पास ही आगरा भी है। आगरा का ताजमहल, लाल किला, फतेहपुर सीकरी देख सकते हैं।
3. देहरादून और मसूरी
दिल्ली से करीब 230 किलोमीटर दूरी पर है देहरादून। देहरादून का प्राकृतिक वातावरण आपको ताजगी से भर देगा। यहां सहस्त्र धारा और टपकेश्वर महादेव मंदिर देखने के बाद यहां से करीब 40 किलोमीटर दूरी पर मसूरी है। मसूरी की खूबसूरती देखने के लिए हर साल लाखों लोग यहां आते हैं। मसूरी में केम्पटी फॉल, धनौल्टी, लेक मिस्ट और गन हिल देख सकते हैं।
4. मुंबई
नए की शुरुआत जश्न के साथ करना चाहते हैं तो आप मुंबई भी जा सकते हैं। मुंबई में अनेक पर्यटक स्थल हैं। जैसे गेट वे ऑफ इंडिया, जुहू बीच, मरीन ड्राइव, एलिफेंटा केव, सिद्दिविनायक मंदिर, एस्सल वर्ल्ड, मुंबई के बाजार आदि जगहों पर आप घूम सकते हैं। हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक नए साल का जश्न मनाने मुम्बई आते हैं। यहां पहुंचने के लिए सड़क, रेल और हवाई मार्ग का उपयोग किया जा सकता है।
5. नई दिल्ली
नए साल की पार्टी के लिए दिल्ली भी बहुत अच्छा विकल्प है। यहां घूमने के लिए बहुत सी जगहें हैं। जैसे लाल किला, कुतूब मिनार, लक्ष्मी नारायण मंदिर, लोटस टेंपल, गुरुद्वारा बंगला साहिब, जंतर-मंतर, इंडिया गेट, राज घाट सहिक कई गार्डन भी हैं। जहां नए साल की शुरुआत धूमधाम से की जा सकती है।
6. मनाली
नए साल की शानदार शुरुआत करने के लिए पर्यटकों को मनाली भी बहुत पसंद आता है। मनाली का प्राकृतिक वातावरण सभी को लुभाता है। मनाली में नाग्गर किला, हिडिंबा देवी मंदिर, झरना, सोलंग घाटी सहित कई दर्शनीय स्थल हैं। इसके अलावा आप यहां रोहतांग वैली भी घूम सकते हैं, जो कि बर्फ से ढकी होती है। मनाली दिल्ली से करीब 600 किमी दूर है। यहां पहुंचने के लिए सड़क, वायु और रेल मार्ग का उपयोग किया जा सकता है।
7. शिमला
अगर आप पहाड़ों के बीच नए साल की शुरुआत करना चाहते हैं तो शिमला भी बहुत अच्छा विकल्प है। शिमला में पर्यटकों के लिए बहुत कुछ है। इसीलिए काफी लोग यहां पहुंचते हैं। आप यहां पुराने साल को विदा करते हुए नए साल की यादगार शुरुआत कर सकते हैं। सड़क, रेल और हवाई मार्ग से शिमला आ सकते हैं।
8. जयपुर
अगर आप नए साल में राजस्थान जाना चाहते हैं तो जयपुर बहुत अच्छा विकल्प है। नए साल के जश्न के लिए यहां देश-विदेश से हजारों पर्यटक पहुंचते हैं। यहां देखने के लिए किले, महल और हवेलियां हैं। इसे पिंक सिटी यानी गुलाबी नगरी भी कहा जाता है। जयपुर में सिटी पैलेस, हवा महल, जंतर-मंतर, आमेल का किला आदि देखने लायक जगहें हैं। यहां आप बस, रेल और हवाई यात्रा से पहुंच सकते हैं।
9. अमृतसर
नए साल के अवसर पर हर साल लाखों पर्यटक अमृतसर और स्वर्ण मंदिर पहुंचते हैं। यहां के पवित्र जल में उगते सूरज को देखना बहुत ही आनंददायक होता है। अमृतसर हवाई, रेल और सड़क मार्ग से आसानी से पहुंचा जा सकता है। स्वर्ण मंदिर यानी गोल्डन टेंपल सभी धर्म के लोगों की आस्था का केंद्र है।
10. हरिद्वार और ऋषिकेश
हरिद्वार के घाट पर शाम की गंगा की आरती जरूर देखना चाहिए। हरिद्वार दिल्ली से करीब 200 किलोमीटर की दूरी पर है। यहां हर की पौड़ी, मनसा देवी के मंदिर, रोप वे और लक्ष्मण झूले के बाद शॉपिंग का भी समय निकाल सकते हैं। यहां जाकर शांति से गंगा के किनारे बैठने से सुकून मिलता है। नए साल की शुरुआत के लिए ये जगहें भी शानदार विकल्प हैं।

Post a Comment