मिस वर्ल्ड मानुषी पर शशि थरूर के ट्वीट से भड़के अनुपम खेर, बोले- आपका स्तर इतना क्यों गिर गया है
हरियाणा के झज्जर की रहने वाली मेडिकल छात्रा मानुषी छिल्लर ने 17 साल अंतराल के बाद शनिवार को चीन में आयोजित प्रतियोगिता में भारत के लिए विश्व सुंदरी का खिताब जीता है। हाल ही में कांग्रेस नेता शशि थरूर को रविवार को विश्व सुंदरी मानुषी छिल्लर के लिए ‘चिल्लर’ शब्द का प्रयोग करना भारी पड़ गया। सांसद को इसके लिए जबरदस्त आलोचनाएं झेलनी पड़ीं।
दरअसल, शशि थरूर ने छिल्लर की अंग्रेजी में स्पेलिंग सीएच देखकर ‘छ’ को ‘च’ समझ लिया और तुरंत ट्वीट किया- हमारी मुद्रा (चिल्लर) के विमुद्रीकरण (नोटबंदी) से कितनी गलती हुई! भाजपा को समझना चाहिए कि भारत की नकदी दुनिया में श्रेष्ठ है। देखिए, हमारे चिल्लर तक को विश्व सुंदरी का खिताब मिल गया। ट्विटर उपयोगकर्ताओं ने तुरंत ध्यान दिलाया मानुषी के उपनाम-छिल्लर और चिल्लर के हिज्जो व अर्थ में अंतर है।
कुछ लोगों ने मेम्स और ग्राफिक्स इंटरचेंज फॉर्मेट यानी जिफ्स के जरिये अपना रोष प्रकट किया। बॉलीवुड अभिनेता व फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया प्रमुख अनुपम खेर ने उन्हें जवाब देते हुए लिखा, आपका स्तर इतना क्यों गिर गया है। कुछ अन्य ट्विटर उपयोगकर्ताओं न नाराजगी जताई है। एक ट्विटर उपयोगकर्ता ने लिखा-“श्रीमान थरूर शर्म कीजिए।
आपने हरियाणवी उपनाम छिल्लर का अपमान किया है और इसे मजाक के साथ जोड़ा है।” एक और ट्विटर उपयोगकर्ता ने लिखा- “यह बिल्कुल मजाक की बात नहीं है। किसी के उपनाम का मजाक बनाने की अपेक्षा हम आपसे नहीं करते हैं..निराशाजनक।
बता दें कि इस पर थरूर ने ट्विटर और फेसबुक के माध्यम से लोगों से शांत होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अनुमान लगाइए कि श्लेषालंकार हास्यविनोद का सबसे सरल रूप है और द्विभाषी श्लेष उससे भी ज्यादा सरल होता है। थरूर ने कहा, “आज एक मजाकिया ट्वीट से जिन लोगों को ठेस पहुंची है, उनसे क्षमायाचना। बेशक इसमें प्रतिभावान युवती को अपमानित करने की मंशा नहीं थी। मैंने उसकी तारीफ अलग से की है।”


Post a Comment