रियल लाइफ में संजय दत्त को यूं लेनी पड़ी लिफ्ट, बाइक से गए शूटिंग करने
पांच दिन से जोधपुर के साथिन गांव में साहेब, बीबी और गैंगस्टर-3 फिल्म की शूटिंग कर रहे संजय दत्त को संडे को रियल लाइफ में एक लड़के से लिफ्ट लेनी पड़ी। दरअसल, गांव की तंग गलियों में संजय की कार के नहीं घुसने के बाद संजय कार से नीचे उतरे। वहां खड़े एक लड़के की बाइक के पीछे जा बैठे और रिक्वेस्ट कर कहा कि उन्हें शूटिंग स्थल तक छोड़ दे।
- संजय दत्त और चित्रांगदा सिंह स्टारर फिल्म साहेब, बीबी और गैंगस्टर 3 की शूटिंग पांच दिन से जोधपुर जिले के साथिन गांव में चल रही थी। इस दौरान आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शूटिंग देखने पहुंचे। शूटिंग से समय मिलते ही संजय इन लोगों के साथ बतियाते रहते। गांव की तंग गलियों में संजय आराम से घूमते रहे। हमेशा फिल्मी परदे पर दिखाई देने वाले इस अभिनेता को अपने बीच सहज सुलभ पाकर लोग खुश हो गए।
- गांव के एक हिस्से में शूटिंग के लिए अपनी लग्जरी कार में सवार होकर पहुंचे, लेकिन तंग गलियों में कार घुस नहीं पाई। उनके सहयोगी कुछ सोचते तब तक संजय कार से नीचे उतरे और वहां खड़े एक युवक की बाइक के पीछे जाकर बैठ गए और युवक से कहा कि उन्हें आगे तक छोड़ दे।
- इसी तरह फिल्म के एक सीन में संजय बुलेट बाइक पर चित्रांगदा सिंह को आगे बैठाकर जब गांव की गलियों से होकर निकले तो उन्हें देखने भारी मजमा लग गया। इतनी भीड़ देख चित्रांगदा एकदम सहमी हुई बाइक पर बैठी रही, लेकिन संजय बगैर किसी परेशानी के गलियों से बाइक लेकर निकल पड़े।

Post a Comment