Header Ads

‘बिग बॉस 11’ के बाद ‘10 का दम’ होस्ट करेंगे सलमान खान




बॉलीवुड इंडस्ट्री की एक बात बहुत ही खराब है। यहां जब किसी कलाकार के सितारे बुलंदी पर होते हैं तो उसे खाना खाने तक का समय नहीं मिलता है और इस बात का सबसे बेहतरीन उदाहरण सलमान खान हैं। देखिए न !! लगातार फिल्मों में बिजी रहने वाले बॉलीवुड के इस नम्बर 1 कलाकार की मांग लगातार टीवी पर बढ़ती ही जा रही है।


 बिग बॉस 11 बार्क रिपोर्ट में लगातार अपनी मजबूत स्थिति दर्ज करा रहा है, जिसके बाद अब खबर आ रही हैं कि सोनी टीवी भी सलमान खान के साथ 10 का दम का तीसरा सीजन लाना चाहता है। सोनी टेलीविजन के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया है कि दर्शकों को बहुत ही जल्द 10 का दम सीजन 3 देखने को मिलेगा।


चैनल के एक्ज़ीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और बिजनेस हेड दानिश खान ने बताया है कि, ‘10 का दम बहुत ही जल्द टीवी पर लौटेगा।’ दानिश से पूछा गया कि जब यह शो वापस आयेगा तब इसे कौन होस्ट करेगा ? तो उन्होंने बहुत ही कमाल का जवाब दिया, ‘मैं इस सवाल का जवाब वैसे ही देना चाहूंगा जिस तरह से आपने मुझसे इसे पूछा है। आप बताइये इस शो को सलमान खान के अलावा कौन सा कलाकार होस्ट कर सकता है ?’ अपने इस जवाब से दानिश ने यह साफ कर दिया है कि 10 का दम के सीजन 3 को भी सलमान खान ही होस्ट करेंगे।



दानिश ने आईएएनएस को यह भी बताया है कि, ‘कौन बनेगा करोड़पति के इस सीजन से हमने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। इस बार केबीसी को 3 करोड़ लोगों ने अपने मोबाइल पर खेला है। हमे ऐसा लगता है कि 10 का दम हमारा सबसे बेहतरीन मनोरंजक क्विज़ शो है।

हमें पूरी उम्मीद है कि 10 का दम मोबाइल पर और भी ज्यादा खेला जायेगा और हम एक नया रिकॉर्ड दर्ज करेंगे।’

दानिश ने इस बात को भी साफ कर दिया है कि 10 का दम सीजन 3 का अनाउंसमेंट 1 महीने के अंदर कर दिया जायेगा। इस शो का पहला सीजन साल 2008 में आया था और दूसरा सीजन साल 2009 में। जब यह शो टीवी पर आता था तब लोग इसे खूब इंजॉय करते थे। हमें पूरी उम्मीद है कि जब शो का तीसरा सीजन आयेगा, तो लोग इसे फिर से उसी उत्साह से देखेंगे।