TV एक्टर्स के बारे में बोले अक्षय कुमार, कहा ये
अक्षय कुमार की फिल्म ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ सुपरहिट रही थी। बड़े पर्दे पर धमाके के बाद एक बार फिर अब अक्षय छोटे पर्दे पर धमाल मचाने आ रहे हैं। अक्षय टीवी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ लेकर आ रहे हैं। इसमें वे सुपर जज की भूमिका में नजर आएंगे। टीवी और फिल्मों को लेकर अक्षय ने नेक्सा न्यूज़ से की खास बातचीत...
अक्षय कहते हैं, ‘मैं चार्ली चैप्लिन साहब को फॉलो करता हूं, क्योंकि वे खुद के ऊपर ही कई प्रयोग करके खुद का मजाक उड़ाया करते थे। कॉमेडी का मतलब ही होता है कि खुद का मजाक बनाकर लोगों को हंसाना’।
आपने टीवी पर कई शो किए हैं। इनसे आपने क्या सीखा है?
देखिए, टीवी पर काम करना आसान काम नहीं है। लगातार आठ से 10 घंटे तक शूटिंग करनी होती है। इस दौरान 17 कैमरे आपके ऊपर घूमते रहते हैं। ऐसे में काम करना चैलेंजिंग है। टीवी एक्टर्स जितनी मेहनत करते हैं उसका एक चौथाई भी हम फिल्मों में नहीं कर पाते है।
उन्हें उसी वक्त 12-12 पन्ने की स्क्रिप्ट एक शॉट में बोलने पड़ते हैं। कभी-कभी तो उन्हें उसी समय स्क्रिप्ट लिखकर दी जाती है। मुझे लगता है कि टीवी में काम करने वालों की सैलरी फिल्मों के एक्टर्स के बराबर या फिर उससे दोगुनी-तिगुनी होनी चाहिए।
क्या आप डेली सोप देखते है?
कभी-कभी मां जब कोई सीरियल देखती रहती है तो मैं भी बैठकर कोई न कोई सीन देख लेता हूं, पर मुझे पता नहीं होता कि आखिरकार कहानी में क्या चल रहा है। मेरी मां इतने प्यार से तो हमारी फिल्में भी नहीं देखती, जितनी शिद्दत से टेलीविजन के शो देखती हैं।
कॉमेडी करते वक्त किसी की इंसल्ट या मजाक उड़ सकता है। इन बातों का कितना ख्याल रखने वाले हैं?
यह एक स्टैंडअप कॉमेडी शो है। इसमें हर परफॉर्मर अपनी स्क्रिप्ट लिखकर आता है और हमें पता नहीं होता कि वे क्या परफार्म करने वाले हैं। तो इस बात की जानकारी ना मुझे और ना चैनल को होती है। बस, एक बात का बेहद ख्याल रखूंगा कि मैं किसी भी प्रतियोगी का मजाक नहीं उड़ाऊंगा।
‘गोल्ड’और हॉकी के बारे में बताइए?
वह एक स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म है। मैं हर तरह की फिल्में करना चाहता हूं। स्कूल में मैं हॉकी खेलता था। मैं तो कहता हूं कि कबड्डी और गिल्ली डंडा का खेल भी आगे आना चाहिए। वो दिन दूर नहीं, जब गिल्ली डंडा बड़े स्पोर्ट्स में आ जाए।


Post a Comment