Header Ads

इस हालत में पहुंच गए हैं कादर खान, जानें- आजकल कहां हैं और क्या कर रहे हैं


फिल्म 'जुड़वा-2' का ट्रेलर आज रिलीज हो रहा है. फिल्म का पार्ट-1 यानी 'जुड़वा' साल 1997 में रिलीज हुई थी. फिल्म में कादर खान ने अभिनेत्री करिश्मा कपूर (फिल्म में माला) के पिता का रोल निभाया था. कादर खान लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर हैं. जानें- आजकल कहां हैं कादर खान.

कादर खान ने बॉलीवुड में फिल्म 'दाग' से एंट्री की थी. यह फिल्म 1973 में रिलीज हुई थी. उन्होंने बॉलीवुड में 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया.

बॉलीवुड में एंट्री करने से पहले कादर खान मुंबई के एम.एच साबू सिद्दिक इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाते थे.

कादर खान ना केवल फिल्मों में एक्टिंग करते थे बल्कि वो फिल्मों के लिए डायलॉग भी लिखते थे. उन्होंने लगभग 250 फिल्मों के लिए डायलॉग लिखे थे. खबरों की मानें तो साल 1974 में रिलीज हुई फिल्म 'रोटी' के लिए उन्होंने डायलॉग लिखे थे जिसके लिए फिल्म के डायरेक्टर मनमोहन देसाई ने उन्हें 1 लाख 20 हजार रुपये दिए थे.

कादर खान ने बॉलीवुड में हर तरह के किरदार निभाए. उन्होंने कॉमेडी कर अपने फैंस को हंसाया तो विलेन का रोल निभाकर वो दर्शकों को डराते भी रहे. उनकी एक्टिंग के आज भी दर्शक फैंस हैं. कादर गोविंदा के साथ कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं.

पिछले कुछ सालों से कादर खान लगातार बीमार चल रहे हैं. डायबिटीज और घुटनों के दर्द के कारण उनका ज्यादातर समय व्हीलचेअर पर ही बीतता है. उनके घुटनों का ऑपरेशन किया गया, लेकिन गलत ऑपरेशन होने के कारण तकलीफ और बढ़ गई. जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए कनाडा ले जाया गया.

इन दिनों वह अपने बेटे के साथ कनाडा में हैं. जहां उनकी अच्छी देखभाल की जा रही है. कुछ समय पहले कादर खान का एक वीडियो सामने आया था जो रमजान के दौरान का था. वीडियो में वो बस से उतरते नजर आ रहे थे और कुछ लोग उन्हें सहारा देकर बस से रहे थे. बस से उतरते ही कादर खान व्हील चेयर पर बैठ गए थे.

साल 2015 में कादर खान की फिल्म 'हो गया दिमाग का दही' रिलीज हुई थी. उस समय कादर खान ने कहा था कि उनके बीमार होने पर निर्माता और निर्देशक फिल्म में उन्हें लेने से इंकार कर देते हैं. फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के समय कादर खान ने कहा था कि उन्हें बात करने और चलने में तकलीफ होती है.

इतना ही नहीं एक इंटरव्यू में उन्होंने बॉलीवुड से नाराजगी जताते हुए कहा था कि लोग अगर मुझे याद करते हैं, तो मुझसे मिलने क्यों नहीं आते?

कई बार इस तरह की अफवाह भी आई कि कादर खान का देहांत हो गया है लेकिन बाद में यह खबर झूठी निकली.

बता दें कि कादर खान का जन्म काबुल में हुआ था. खबरों की मानें तो कादर खान कनाडा की सिटीजनशिप ले चुके हैं.