मिर्च झोंककर बदमाश ने बरसाए चाकू, पत्नी की गोद में पति ने तोड़ा दम
एमपी के भोपाल में प्रेस कांप्लेक्स में मंगलवार देर रात बाइक सवार युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के वक्त युवक की पत्नी भी साथ थी।
आरोपी ने अचानक सामने से मिर्ची झोंकी और युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने के बाद अंडरब्रिज से फरार हो गया। पुलिस को घटनास्थल से एक छोटा और एक बड़ा चाकू मिला है। घटनास्थल के पास ही मिर्च पाउडर का एक पैकेट भी मिला है। पुलिस वारदात को पुरानी रंजिश मानकर जांच कर रही है। क्या है मामला
एसपी साउथ सिद्धार्थ बहुगुणा के मुताबिक मूलत: भुसावल निवासी जगदीश पतरे रचनानगर में किराए के मकान में रहता था। मंगलवार देर रात 12:20 बजे वह बाइक से पत्नी जया के साथ घर जा रहा था। अभी वह प्रेस कॉम्प्लेक्स से सटे रचनानगर अंडरब्रिज पर पहुंचा ही था, तभी सामने से आए एक युवक ने उसकी आंखों में मिर्ची झोंक दी।
जगदीश रुका तभी युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर गला रेत दिया। मौके पर ही जगदीश की मौत हो गई। जगदीश को मारने के बाद युवक फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर एमपी नगर पुलिस, सीएसपी कुलवंत सिंह और एसपी साउथ सिदार्थ बहुगुणा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस वारदात को आपसी रंजिश मान रही है।
एमपी नगर पुलिस का अहम प्वाइंट है रचना नगर
एमपी नगर थाना क्षेत्र में रचना नगर अंडर ब्रिज को बेहद संवेदनशील माना जाता है। यहां रोजाना सुबह दोपहर, शाम पुलिस का चेकिंग प्वाइंट भी लगता है। एसपी साउथ बहुगुणा का कहना है कि जगदीश के ऑपराधिक रिकार्ड के बारे में जानकारी मिली है।
अंदाजा है कि उसकी हत्या पुरानी रंजिश को लेकर की गई होगी। फिलहाल उसकी पत्नी बयान देने की हालत में नहीं है। इस मामले में जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पतले से युवक ने चाकू मारा और अंडरब्रिज से भाग गया
घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि एक पतला सा युवक अचानक बाइक के सामने और युवक पर मिर्ची झोंक दी। बाइक रुकते ही झूमाझटकी हुई। फिर आरोपी ने युवक को चाकू मारे और अंडरब्रिज से होते हुए रचनानगर के लिए भाग निकला। जगदीश की पत्नी जया घटना के बाद से वह दहशत में है। फिलहाल कुछ बताने की स्थिति में नहीं है।
नहीं की किसी ने मदद, पत्नी की गोद में तोड़ा दम
पति पर हमले के दौरान जगदीश की पत्नी जया गिड़गिड़ाती रही, लेकिन बदमाशों ने उसकी एक न सुनी। उसने मदद की गुहार भी लगाई, लेकिन मदद के लिए कोई नहीं आया। कुछ देर तड़पने के बाद जगदीश ने पत्नी की गोद में दम तोड़ दिया।


Post a Comment