चोरी करने के लिए घर में घुसा, आहट सुन भागा चोर तो पेट में घुस गया कांच
रतिया शहर के वार्ड नंबर-1 में शुक्रवार को चोरी करने के लिए घुसे एक युवक की जान चली गई। दरअसल युवक जब चोरी के लिए घुसा तो आहट सुनकर घर के लोग जाग गए। यह देख चोर शीशा तोड़कर भागने लगा तो उसके पेट की नस कट गई। पुलिस ने चोर को अस्पताल में भर्ती करवाया लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसने अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया।
घटना रात के करीब साढ़े 12 बजे की है। एक युवक मलकीत सिंह के मकान में चोरी के इरादे से घुसता है।
- घर के सदस्य आहट सुनकर नींद से जाग जाते हैं। यह देखकर आरोपी युवक खिड़की का शीशा तोड़कर भागने लगता है।
- वह खिड़की से निकलने लगा तो ग्रिल में फंस गया। ग्रिल से निकलने की कोशिश में कांच से युवक के पेट की नस कट गई। हालांकि वह घर से भागने में कामयाब हो गया।
- कुछ ही दूर पर जाकर वह सड़क पर बेहोश होकर गिर गया। युवक का पीछा करते हुए मकान मालिक व अन्य लोग भी पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया जहां से उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया।
- अग्रोहा मेडिकल में युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

Post a Comment