3580 रुपए में मिला सैमसंग J7 का अॉफर, पार्सल खोलते ही जोड़ लिए हाथ
बड़वानी के सिलावद में ऑनलाइन ठगी का एक मामला सामने आया है। यहां के एक व्यापारी के बेटे को मोबाइल पर इनाम खुलने का लालच देते हुए जालसाजों ने उससे रुपए जमा करवा लिए और बदले में उसे लक्ष्मी जी की एक प्रतिमा भेज दी।
बॉक्स खोलते ही लक्ष्मी जी की मूर्ति देख युवक शॉक्ड रह गया। उसने लक्ष्मी जी के सामने हाथ जोड़कर फिर से कंपनी को कॉल लगाया। कंपनी द्वारा उसे रुपए वापस करने का आश्वासन मिला है।
- सिलावद निवासी कुंदन पिता संतोष राठौड़ ने बताया मुझे ८३७६९६५३९० नंबर से फोन आया था। इसमें मुझे कहा गया कि हम दिल्ली से बोल रहे हैं। आपको एयरटेल कंपनी की तरफ से एक ऑफर मिला है। इसमें आपको सैमसंग जे -7 मोबाइल इनाम में खुला है।
- ये ऑफर साल में एक बार किसी एक व्यक्ति को कंपनी द्वारा दिया जाता है। इस बार इसके लिए आपका चयन हुआ है। अगर आप ये इनाम लेना चाहते हैं तो आपको अपना एड्रेस बताना होगा। जिस पर हम ये मोबाइल आपको पोस्ट ऑफिस के जरिए पहुंचा सकें।
- इस मोबाइल के साथ आपको इसका इंश्योरेंस भी दिया जाएगा। ताकि मोबाइल की टूट-फूट व मोबाइल गुम हो जाने की स्थित में कंपनी आपको नया मोबाइल दे सके। ये फोन स्टार्ट करने के लिए आपको एक पिन दिया जाएगा। इसके बाद ही ये स्टार्ट होगा।
- युवक उनकी बातों में आ गया और अपने घर का पता देते हुए अन्य डिटेल उन्हें शेयर कर दी। पांच से दिन बाद युवक को शाम को फिर उसी नंबर से फोन आया और उसने कहा कि आपके बताए हुए पते के अनुसार आपका पार्सल पहुंच चुका है। आप पोस्ट ऑफिस में 3580 रुपए जमा करा दीजिए और अपना मोबाइल ले लीजिए।
- इसके बाद युवक पोस्ट आॅफिस पहुंचा और रुपए जमा कर पार्सल घर ले आया। घर पर जब उसने बॉक्स ओपन किया तो तो उसके होश उड़ गए। बॉक्स में मोबाइल की जगह लक्ष्मी जी की मूर्ति निकली। कुछ देर तक शांत रहने के बाद युवक ने लक्ष्मी जी के सामने हाथ जोड़े और फिर उसी नंबर पर फोन किया तो उनका कॉल लग गया।
- युवक ने जब बॉक्स से लक्ष्मी जी निकलने की बात कही तो पहले तो उन्होंने उसे टहलाते हुए ऐसी गलती नहीं होने की बात कही, युव के अड़ रहने के बाद उन्होंने कहा कि एक दो दिन में आपको आपके पैसे मनी आर्डर कर भेज दिए जाएंगे।
- युवक को आए पार्सल में भेजने वाले का पता श्री कालका इंटरप्राइजेस पीएल नं 6 केएच 7/9 ब्लाॅक डी राजीव नगर बेगमपुर दिल्ली 110086 लिखा हुआ था।


Post a Comment