लड़की ने पकड़ा बैग झपट भागा लुटेरा, खुद पीटा फिर लोगों ने की धुनाई
रोहतक की डिम्पी गुलाटी उर्फ नेहा ने बुधवार को एक स्नैचर को बैग छीनकर भागते हुए पकड़ा और जमकर धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। घटना शहर के विजय नगर की है। घटना के बाद लड़की को परिवार सहित पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित किया है।
- डिम्पी गुलाटी ने बताया कि वह एक बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर की नौकरी कर रही है। हर रोज की तरह बुधवार को वह घर से बैग में मोबाइल फोन, रुपये, पर्स, बैंक के जरुरी कागजात व अन्य सामान लेकर स्कूटी पर बैंक के लिए निकली थी।
- तभी विजय नगर के पास पहुंची तो अचानक एक मोटरसाइकिल सवार युवक उसके पीछे से आया और उसका बैग छीनकर भागने लगा। उसने तुरंत बहादुरी से स्कूटी से स्नैचर का पीछा किया। इतने में ही सामने से एक कार आई जिससे मोटरसाइकिल सवार स्नैचर की स्पीड कम हो गई।
- उसने अपनी स्कूटी से स्नैचर की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी जिससे स्नैचर सड़क पर गिर गया। नीचे गिरा देख उसने शोर मचाया और अपना बैग ले लिया। डिम्पी ने उसकी धुनाई शुरू कर दी। कुछ ही देर में भीड़ जुट गई जिन्होंने आरोपी की जमकर पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
- सूचना मिलते ही सिविल लाईन थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया गया है। डिम्पी गुलाटी की शिकायत पर पुलिस ने धारा 379बी, 511, 309 के तहत थाना सिविल लाईन में मामला दर्ज कर लिया है।
- आरोपी की पहचान संदीप पुत्र दीवान सिंह वासी सुनारियां खुर्द जिला रोहतक के रुप में हुई है। जांच में पाया गया कि आरोपी उम्र करीब 35 साल नशा करने का आदि है। अपने नशे की लत को पूरा करने के लिए ही आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।


Post a Comment