Header Ads

राज कपूर ने इस एक्ट्रेस के लिए बोला था- कभी नहीं बन पाएगी हीरोइन


राज कपूर ने जरीना वहाब के लिए कहा था ये कभी एक्ट्रेस नहीं बन सकती।

शोमैन राज कपूर ने एक एक्ट्रेस के लिए कहा था कि वो कभी एक्ट्रेस नहीं बन सकती और न ही उन्हें कोई फिल्म का ऑफर मिलेगा। लेकिन उस एक्ट्रेस ने राज कपूर को गलत साबित किया और फिल्मों में काम करके दिखाया। दरअसल ये एक्ट्रेस और कोई नहीं बल्कि जरीना वहाब है, जो आज अपना 58वां बर्थडे सेलिब्रेट (17 जुलाई) कर रही हैं। सांवले रंग की जरीना ने डायरेक्टर बासु चटर्जी की फिल्म 'चितचोर' (1976) में अपनी बेहतरीन अदाकारी दिखाई थी। जरीना ने ठाना था कि वे बॉलीवुड में नाम कमाकर दिखाएंगी...

FTII से ट्रेनिंग लेने के बाद जरीना की राह आसान नहीं थी। खबरों की मानें तो शो मैन राज कपूर से मिले नेगेटिव फीडबैक पर जरीना ने ठान लिया था कि वे बॉलीवुड में नाम कमाकर दिखाएंगी। इसके बाद जरीना ने फिल्मी पार्टीज और इवेंट में जाना शुरू किया। इसी दौरान 1974 में उनकी फिल्म 'इश्क, इश्क, इश्क' (1974) आई। इस फिल्म से ही उन्होंने अपने अभिनय सफर की शुरुआत की थी। फिल्म ने कुछ कमाल नहीं दिखाया। 1975 में उनकी एक और फिल्म आई 'अनोखा' और इसी साल उन्होंने एक तेलुगु फिल्म में भी काम किया था। ये तीनों ही फिल्म उन्हें पहचान नहीं दिला पाई।

बासु चटर्जी ने दिया मौका
एक बार एक पार्टी में डायरेक्टर बासु चटर्जी की नजर जरीना पर पड़ी। उन्होंने जरीना को फिल्म 'चितचोर' (1976) के लिए कास्ट कर लिया। इस फिल्म में उनके हीरो अमोल पालेकर थे। राजश्री प्रोडक्शन की ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही। इस फिल्म के बाद जरीना की जोड़ी आमोल पालेकर के साथ फिल्म 'घरौंदा' (1977) में भी नजर आई। 'घरौंदा' में अभिनय के लिए जरीना का नॉमिनेशन फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस के लिए भी हुआ था।

इन फिल्मों में किया काम
जरीना ने 'घरौंदा' (1977), 'तुम्हारे लिए' (1978), 'अपराध' (1978), 'सावन को आने दो' (1979), 'गोपाल कृष्ण' (1979), 'सलाम मेमसाहब' (1979), 'जज्बात' (1980), 'नैया' (1979), 'सितारा' (1980), 'आखिरी मुजरा' (1981), 'मैंने जीना सीख लिया' (1982), 'लाल चुनरियां' (1983), 'दहलीज' (1986), 'माई नेम इज खान' (2010), 'अग्निपथ' (2012), 'हिम्मतवाला' (2013) सहित अन्य फिल्मों में काम किया है। इसके अलावा उन्होंने साउथ की फिल्मों में भी अभिनय किया।

आदित्य पंचोली से शादी
1986 फिल्म 'कलंक का टीका' के सेट पर जरीना की मुलाकात एक्टर आदित्य पंचोली से हुई। मुलाकातें बढ़ीं और उसी साल दोनों ने शादी कर ली। बता दें कि आदित्य जरीना से उम्र में 6 साल छोटे हैं। शादी के बाद ये अफवाह भी फैली कि आदित्य की गर्म मिजाजी के कारण दोनों ज्यादा दिनों तक साथ नहीं रह पाएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आज भी दोनों साथ हैं। दोनों के दो बच्चे हैं सना और सूरज। सूरज ने फिल्म 'हीरो' से बॉलीवुड में एंट्री ली है।​