Header Ads

भूख से तड़प रही थी मासूम, एक्सीडेंट में घायल मां के सीने से चिपक पिया दूध


 एमपी के गुना-सिरोंज स्टेट हाईवे पर हुए सड़क हादसे के बाद घायल पति और पत्नी डेढ़ घंटे तक तड़पते रहे। जबकि उनकी डेढ़ साल की बच्ची पास में ही बैठी रोती रही। बच्ची को चुप कराने के लिए उसकी बेहोश मां के स्तन से मुंह लगाकर दूध पिलाया।

प्रत्यक्षदर्शी रघुनंदन सिंह राजपूत ने बताया कि 23 साल का रामकुमार बुधवार दोपहर में कुंदाखेड़ा गांव में अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था। गुरुवार शाम 7:30 बजे वह ससुराल से अपनी पत्नी भूरी बाई और 18 माह की बच्ची आरुषि को लेकर बाइक से अपने घर वापस लौट रहा था। हिनौतिया तिराहे के पास रात करीब 10 बजे किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे पति- पत्नी गंभीर घायल हो गए। बच्ची को भी चोटें आई है। घटना के बाद युवक तड़पता रहा। उसकी पत्नी भूरीबाई बेहोश हालत पड़ी रही ।
पुलिस की उदासीनता : चार थानों की पुलिस को दी सूचना, डेढ़ घंटे बाद पहुंची डायल 100
प्रत्यक्षदर्शी गोविंद शर्मा ने बताया कि घटना के थोड़ी देर बाद ही मौके पर पहुंचे हिनोतिया निवासी मेहरबान सिंह दांगी ने इसकी सूचना तुरंत सिरोंज, आनंदपुर और जामनेर थाना व आरोन थाना पुलिस को देने के साथ ही डायल 100 पर सूचना दी। आनंदपुर और आरोन का बॉर्डर होने से सिरोंज, आनंदपुर, जामनेर व आरोन थाना पुलिस सीमा विवाद के कारण 45 मिनट तक यही मालूम करती रही कि आखिर घटनास्थल किस थाना क्षेत्र का है। इसके बाद रात 11:30 बजे आनंदपुर की डायल 100 घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंची। वह घायलों को लेकर आरोन अस्पताल लेकर पहुंची। जहां युवक रामकुमार की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी और बच्ची को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हमने अपनी गाड़ी भेजी थी
घटना स्थल आनंदपुर और आरोन के बॉर्डर का था। हमने गाड़ी भेजी । तब तक आनंदपुर की डायल 100 घायलों को अस्पताल लेकर आने के लिए रवाना हो गई थी।